पूरे रूट पर लगाए जाएं तिरंगा झंडा व जी-20 के स्लोगन: सुनीता दयाल

जी-20 शिखर सम्मेलन: महापौर ने किया रूट का निरीक्षण

गाजियाबाद। दिल्ली में 8 से 10 सितंबर तक आयोजित होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए हिंडन एयरपोर्ट से एलिवेटेड रोड होते हुए यूपी गेट तक विदेशी मेहमानों के दिल्ली जाने के रूट का शनिवार को महापौर सुनीता दयाल ने मौके पर जाकर पूरे रूट का निरीक्षण किया। महापौर ने निरीक्षण करते हुए निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे रूट पर यूपी गेट तक तिरंगा झंडे लगाए जाए। हिंडन एयरपोर्ट सिविल टर्मिनल से एलिवेटेड रोड होते हुए यूपी गेट तक नगर निगम द्वारा इय रूट पर सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसमें सड़क का निर्माण से लेकर अद्भुत पेंटिंग, डिवाइडर रंगाई-पुताई, पेड़ों की छंटाई, पेड़ो की धुलाई, कलरफुल लाइटिंग, वेलकम लाइटिंग, बटरफ्लाई लाइट्स, विद्युत पोल की रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था, गमले पुताई, गमले लगाना, फूलदार पौधे लगाने एवं जी-20 के स्लोगन, सफाई व्यवस्था, रंगीन टाइल्स, आसपास की टंकियों पर पेंटिंग्स, होर्डिंग के माध्यम से जागरूकता आदि कार्य किए जा रहे है।

महापौर ने निगम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष राजीव शर्मा, पार्षद प्रवीण चौधरी, अपर नगर आयुक्त अरुण यादव, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, अधिशासी अभियंता देशराज सिंह, प्रकाश विभाग के सहायक अभियंता आश कुमार, सहायक अभियंता गणेशी लाल, अवर अभियंता संजय गंगवार आदि की मौजूदगी में रूट का निरीक्षण किया। महापौर ने कहा कि यह सभी कार्य जल्द पूरे किए जाए। ताकि शहर सुंदर दिखे और सुंदर शहर के साथ देश का संदेश विदेशों तक जाए। देश को जी-20 की अध्यक्षता का पहली बार मौका मिला है। इसमें 40 देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री एवं अन्य विदेशी दिल्ली आएंगे।

हिंडन एयरपोर्ट से एलिवेटेड रोड होते हुए यह दिल्ली जाएंगे। इसके लिए निगम द्वारा सुंदरता को लेकर दिन-रात काम किया जा रहा है। महापौर ने निगम अधिकारियों को पूरे रूट पर तिरंगा झंडा लगाने के  निर्देश दिए। वहीं, जगह-जगह एलईडी स्क्रीन लगाई जाए। इसमें गाजियाबाद के साथ प्रदेश और देश के अद्भुत चित्र चलाए जाए। जी-20 के स्लोगन के नीचे गाजियाबाद नगर निगम लिखने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा है कि यह सभी कार्य समय से पूरा कर लें, इसमें निगम अधिकारियों को पूरा सहयोग दिया जाएगा।