गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच आबकारी विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस के ग्राहकों को शराब पिलाने और बेचने के मामले में ढाबा मालिक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी क्षेत्र की लाइसेंसी शराब की दुकानों से दिन में शराब खरीद कर ढाबे पर एकत्रित कर लेता था और रात होने पर जैसे ही क्षेत्र की दुकानें बंद हो जाती तो ढाबे पर खाना खाने के लिए आने वाले लोगों को शराब पिलाने की व्यवस्था देने के साथ-साथ शराब भी बेचता था। आबकारी विभाग के राजस्व को नुकसान तो पहुंचा ही रहा था, साथ ही अवैध शराब के कारोबार को भी धीरे-धीरे बढ़ा रहा था।
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग द्वारा चलाई जा रही मुहिम शराब तस्करों के इरादों पर पानी फेरने का काम कर रही है। बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वाले होटल, ढाबा व रेस्टोरेंट बार के खिलाफ आबकारी विभाग की टीम ने अपनी कार्रवाई को धार देते हुए रात्रि अभियान की शुरुआत की है। रात होते ही जिन होटल और ढाबों पर महफिल जमा हो जाती है, अब उन पर नकेल कसने की तैयारी शुरु कर दी है। बिना लाइसेंस शराब पिलाने वाले अब सीधा जेल की हवा खाएंगे। वहीं जिला आबकारी अधिकारी ने भी अवैध शराब का कारोबार करने वाले और बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वालों के खिलाफ आबकारी निरीक्षकों को कार्रवाई करने की सख्त हिदायत दी है। आबकारी निरीक्षक की टीम अब दिन के साथ रात में भी सड़कों पर मोर्चा संभालती हुई नजर आएगी।
जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के साथ बिना लाइसेंस के शराब पिलाने वालों पर भी सख्ती की जा रही है। रेस्टोरेंट, बार, होटल हो या फिर सड़कों पर खुले ढाबे बिना लाइसेंस के शराब पिलाने पर सख्त कार्रवाई होगी। गुरुवार रात को आबकारी निरीक्षक अनुज वर्मा की टीम द्वारा थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाते हुए दबिश दी गई। चेकिंग के दौरान लोनी बॉर्डर के अंतर्गत मिलन ढाबे पर कुछ व्यक्ति अवैध रुप से शराब पीते हुए पाए गए। जब ढाबा मालिक रामोतार राणा पुत्र स्व भवी चंद्र निवासी बी 50 लालबाग लोनी से शराब पिलाने का लाइसेंस मांगा गया तो वह दिखा नहीं सका।
इस बीच आबकारी विभाग की टीम को देख मौके पर शराब पी रहे लोग फरार हो गए। टीम ने मौके पर पानी मिश्रित शराब के ग्लास को नष्ट कर दिया। बरामद कुल शराब (450 एमएल) एवं खाली बारदाना को जब्त करते हुए ढाबा मालिक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया बिना लाइसेंस के होटल, ढाबा एवं बार-रेस्टोरेंट पर कार्रवाई के लिए टीम को सख्त निर्देश दिए गए है। जिले में अवैध रुप से शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
















