बढ़ती गर्मी में जल आपूर्ति नहीं होगी बाधित, व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नगर आयुक्त ने दिए निर्देश

-शहर के सभी नलकूपों की स्वयं मौके पर अधिकारी करें जांच: विक्रमादित्य सिंह मलिक

गाजियाबाद। भीषण गर्मी ने लोगों का पहले ही बुरा हाल किया हुआ है, वहीं पेयजल की किल्लत भी लोगों के लिए मुसीबत न बन जाए इसके लिए नगर आयुक्त ने जलकल विभाग को सख्त निर्देश दिए है। जिससे भीषण गर्मी में जल की आपूर्ति बाधित न हो। मौसम में गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है। वहीं, गर्मी बढ़ने से पानी की मांग भी बढ़ रही है। उधर, कभी बिजली कटौती की वजह से तो कभी ट्यूबवेल में तकनीकी खामी आने की वजह से पानी के ओवरहैड नहीं भर पा रहे हैं।

जिस वजह से उपभोक्ताओं को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। जिसके लिए नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने जलकल जीएम कामाख्या प्रसाद आनंद को पेयजल आपूर्ति को लेकर योजना बनाते हुए कार्य करने के लिए निर्देशित किया। इसके साथ ही नगर आयुक्त ने नगर निगम के सभी जोन का नंबर भी जारी किया है। जिसमें जल की समस्या का तत्काल निस्तारण किया जाएगा।

इसके साथ ही अधिकारियों को जोनवार प्रतिदिन निरीक्षण करने के लिए भी कहा गया है और क्षेत्र में लगी नलकूपों हैंडपंपों की व्यवस्था को बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। महाप्रबंधक जल केपी आनंद ने बताया नगर आयुक्त के निर्देशानुसार बढ़ती गर्मी को देखते हुए जल आपूर्ति और अधिक सुदृढ़ की जा रही है। नलकूप एवं हैंडपंप यदि किसी परेशानी से नहीं चल रहे हैं तो उनके कनेक्शन करना एवं उनका नियमित मरम्मत करके चालू रखना तेजी से कराया जा रहा है।

शहर में लगभग 300 से अधिक 30 एचपी के नलकूप है, 1050 से अधिक छोटे नलकूप है। लगभग 7000 हैंडपंप भी क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए लगे हुए हैं। आवश्यकता पड़ने पर 64 टैंकरों से क्षेत्र में जलापूर्ति कराई जा रही है। अधिकारियों को रोस्टर के क्रम में नियमित क्षेत्र में बने रहने के लिए कहा गया है। जलकल विभाग की टीम द्वारा तेजी से आवश्यकता पड़ने पर नलकूपों हैंडपंप की मरम्मत का कार्य भी कराया जा रहा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए पानी के टैंकरों को आवश्यकता अनुसार क्षेत्र में भेजा जा रहा है।

पानी की समस्या है तो करें फोन, होगा समस्या का निस्तारण
नगर निगम द्वारा जहां शहर वासियों के लिए जलापूर्ति के लिए व्यवस्था को बेहतर करने में संबंधित टीम जुटी हुई है। वही लगभग से 5 नलकूप बिजली कनेक्शन के कारण बंद थे, जिनको तुरंत चालू कराया गया। नगर निगम का सहयोग करते हुए कई सामाजिक संस्थाओं ने आवश्यकता को देखते हुए अस्थाई रूप से प्याऊ भी लगाए गए हैं। जिस पर नगर आयुक्त द्वारा सामाजिक संस्थाओं को मोटिवेट करते हुए उत्साहवर्धन किया गया।

जलकल विभाग संबंधित समस्या के लिए मोहन नगर और वसुंधरा जोन के लिए +918178016856 पर, सिटी एवं कवि नगर जोन अंतर्गत +918178016854 पर, विजयनगर जोन अंतर्गत +918178018395 पर संपर्क कर सकते हैं। नंबरों पर मिलने पर समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा।