शहीदों की कुर्बानी की बदौलत ही हमें मिली थी आजादी: अतुल वत्स

-जीडीए प्रांगण में मनाया गया आजादी का 78वां स्वतंत्रता दिवस

गाजियाबाद। आजादी के 78 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रांगण में भव्य रूप से वर्षगांठ मनाई गई। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने ध्वजारोहण करते हुए देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले वीर सपूतों को याद करते हुए कहा कि आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले वीर सपूतों को याद रखें। इस अवसर जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, प्रभारी चीफ इंजीनियर मानवेंद्र कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस पर जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने कहा कि जीडीए की विभिन्न योजनाओं में 193 व्यावसायिक एवं अन्य श्रेणी की सम्पत्तियों को नीलामी के माध्यम से विक्रय किए जाने के लिए 16 अगस्त से 15 सितंबर तक योजना लॉन्च की गई हैं।

इसके लिए 20 सितंबर को लोहियानगर स्थित हिंदी भवन में नीलामी का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जीडीए ने 78वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 1,748 फ्लैटों की योजना लांच की है। ये फ्लैट जीडीए की विभिन्न योजनाओं में शामिल हैं। पहले-आओ, पहले-पाओ योजना के तहत ये फ्लैट आवंटित किए जांएगे। इसके अलावा प्रस्तावित हरनंदीपुरम के लिए सर्वे का कार्य भी गुरूवार को जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने शुरू कर दिया है। जीडीए उपाध्यक्ष ने कहा कि योजना विकसित करने के लिए सभी अधिकारी कदम उठाएं। नया गाजियाबाद के रूप में प्रस्तावित हरनंदीपुरम योजना विकसित करने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को संकल्प लेते हुए ठोस कदम उठाने के लिए कहा।

उन्होंने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले भारत माता के वीर सपूतों को याद करते हुए कार्यक्रम का समापन किया। जीडीए उपाध्यक्ष ने इस दौरान जीडीए के कई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देते हुए सम्मानित भी किया। यह भी आहवान किया कि जीडीए में महत्वपूर्ण पटल पर कार्यरत कर्मचारियों व अधिकारियों को सत्यनिष्ठा के साथ कार्य करते हुए जीडीए की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए संकल्प किया गया।