उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। भारत के प्रीमियम नट्स एवं ड्राई फ्रूट्स उद्योग में अग्रणी ब्रांड वंडरलैंड फूड्स उत्तर प्रदेश में अपने कारोबार का विस्तार करने जा रहा है। कंपनी ने उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर कर यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) क्षेत्र में एक ग्रीनफील्ड नट्स एवं ड्राई फ्रूट्स प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की घोषणा की है। इस परियोजना में लगभग 240 करोड़ का निवेश किया जाएगा।
प्रस्तावित यूनिट यीडा क्षेत्र के सेक्टर-8डी में स्थापित की जाएगी। इस संबंध में यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को कंपनी के चेयरमैन श्री राकेश कुमार गुप्ता को 30,000 वर्ग मीटर औद्योगिक भूमि के लिए आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) सौंपा। इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र भाटिया एवं राजेश कुमार भी मौजूद रहे। परियोजना के आंशिक वित्तपोषण के लिए आशा वेंचर्स फंड–I और ब्रिटिश इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट पीएलसी (यूनाइटेड किंगडम सरकार का उपक्रम) द्वारा कंपनी में ₹140 करोड़ का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) किया जा रहा है। यह निवेश राज्य में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में बढ़ते विदेशी भरोसे को दर्शाता है। कंपनी ने बताया कि भूमि का कब्जा मिलने के 24 महीनों के भीतर उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा। यूनिट में अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से नट्स एवं ड्राई फ्रूट्स का प्रसंस्करण और पैकेजिंग की जाएगी।
वंडरलैंड फूड्स के संस्थापक राकेश कुमार गुप्ता के अनुसार, इस परियोजना से 750 से अधिक महिलाओं को रोजगार मिलेगा। परियोजना के पूरी तरह चालू होने पर इससे प्रति वर्ष 800 करोड़ से अधिक का राजस्व सृजित होने की संभावना है। उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट और यमुना एक्सप्रेसवे की बेहतर कनेक्टिविटी के चलते यीडा क्षेत्र तेजी से निवेशकों की पसंद बनता जा रहा है। वंडरलैंड फूड्स की यह परियोजना क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था और रोजगार सृजन को नई गति देगी।
















