-नवजात शिशुओं के लिए मां का दूध अमृत के समान, रखें विशेष ध्यान
गाजियाबाद। दिल्ली मेरठ रोड़ स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज मुरादनगर के पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग द्वारा मंगलवार को विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया गया, जिसका विषय ”अंतर को कम करना, सभी के लिए स्तनपान समर्थन” था। विश्व स्तनपान को प्रोत्साहित करने और दुनिया भर के शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार के लिए हर साल विश्व स्तनपान सप्ताह मनाया जाता है। इसकी शुरुआत अगस्त 1990 में हुई थी। विश्व स्तनपान सप्ताह घोषित किए जाने का उद्देश्य स्तनपान को बढ़ावा देना था, जिससे शिशुओं को सही पोषण और उनका स्वास्थ्य बेहतर किया जा सके। इस मिशन में विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ और अन्य संगठन भी शामिल है। इस अवसर पर संस्थान में आने वाली महिला मरीजों को बताया गया कि नवजात शिशुओं के लिए मां का दूध अमृत के समान है।
स्तनपान को बढ़ावा देकर शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। शिशुओं को जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने के लिए महिलाओं को इस सप्ताह के दौरान विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया तथा महिलाओं को मां और बच्चों के लिए स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूक किया। स्तनपान कराने से माताओं को स्तन कैंसर, ओवेरियन के कैंसर, टाइप 2 मधुमेह और हृदय रोग होने का खतरा कम हो जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार जन्म के एक घंटे के भीतर शिशु को 6 महीने का होने तक अनन्य स्तनपान शुरू करना चाहिए।
इस अवसर पर आईटीएस डेंटल कॉलेज की डेंटल ओपीडी में निम्नलिखित गतिविधियां देखी गई, जिसमें सभी महिलाओं को सूर्या अस्पताल के प्रसूति वार्ड में भेजा गया और वहां उनका मुफ्त चेकअप किया गया। इसके साथ ही शिविर स्थल सुल्तानपुर, कुशलिया, नंदग्राम, जावली आदि गांव की सभी महिलाओं को स्तनपान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया, क्योंकि स्तन कैंसर आजकल अधिक प्रचलित है। इसके साथ ही शिविर स्थल आंगनबाडी, सुल्तानपुर गांव की महिलाओं को जागरूक किया गया।
इसके साथ ही प्रसूति वार्ड सूर्या अस्पताल एवं डेंटल ओपीडी में आने वाले महिला रोगियों को स्तनपान के महत्व के बारे में पर्चे वितरित कर रोगी शिक्षा और प्रेरणा दी गई। इसके साथ ही संस्थान एवं शिविर स्थल में आने वाली सभी महिलाओं को पिंक रिबन और स्तनपान बैच भी वितरित किये गए। इस सफल कार्यक्रम के आयोजन के लिये सभी प्रतिभागियों ने आईटीएस – द एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन, डॉ आरपी चड्ढा तथा वाइस चेयरमैन, अर्पित चड्ढा को धन्यवाद दिया।



















