कौशांबी सेंट्रल पार्क में बड़ी स्क्रीन पर देखा गया वर्ल्ड कप फाइनल, जीत पर जश्न

-क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल और पप्पू चौपाल के सहयोग से पहली बार हुआ भव्य आयोजन
-कौशांबी थाना प्रभारी अजय कुमार शर्मा और चौकी इंचार्ज जयवर्धन का क्षेत्रवासियों ने किया स्वागत
-सैकड़ों लोगों ने एक साथ देखा मैच, मिठाई बांटकर और पटाखे छोड़कर मनाई जीत की खुशी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित सेंट्रल पार्क में रविवार को वर्ल्ड कप फाइनल मैच को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। क्षेत्रीय पार्षद कुसुम मनोज गोयल और पप्पू चौपाल के सहयोग से पार्क में बड़ी स्क्रीन लगाकर मैच देखने का विशेष आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर मैच का रोमांचक आनंद उठाया। कौशांबी क्षेत्र में पहली बार इस तरह का सामूहिक आयोजन किया गया, जिसकी लोगों ने जमकर सराहना की। मैच शुरू होने से पहले ही सेंट्रल पार्क में लोगों की भीड़ जुटने लगी थी। परिवारों, युवाओं और बच्चों ने एक साथ बैठकर बड़े पर्दे पर मैच का लुत्फ उठाया। जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया। हर चौके-छक्के और महत्वपूर्ण पल पर लोगों ने तालियों और नारों के साथ खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर कौशांबी थाना प्रभारी अजय कुमार शर्मा और चौकी इंचार्ज जयवर्धन भी कार्यक्रम में पहुंचे। क्षेत्रवासियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और आयोजन में उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने भी इस तरह के सकारात्मक सामुदायिक आयोजनों की सराहना की और लोगों के साथ कुछ समय मैच का आनंद लिया। जैसे ही टीम ने जीत हासिल की, पूरे पार्क में खुशी का माहौल बन गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी मनाई और पटाखे छोड़कर जश्न मनाया। बच्चों और युवाओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और खिलाडिय़ों की शानदार जीत का उत्सव मनाया।

आयोजकों का कहना था कि इस आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को एक साथ लाकर खेल के प्रति उत्साह और आपसी भाईचारे की भावना को बढ़ावा देना था। उन्होंने बताया कि कौशांबी में इस तरह का आयोजन पहली बार किया गया है और लोगों की भारी भागीदारी से यह कार्यक्रम बेहद सफल रहा। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से राकेश जकेतिया, पवन गुप्ता, मनीष जैन, राज शर्मा, मनीष मादोरिया, मनीष चौहान, उदित शर्मा, प्रेम प्रकाश गोगिया, एस.आर. सिंह, अनिल अग्रवाल, आशीष मेहरा, श्यामवीर भदौरिया, अशोक गर्ग, रविंद्र नागर, राधा रमण बंसल, नरेंद्र सिंह, जुगल अग्रवाल, रवि पटेल और सरदार जसपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने आयोजन के लिए पार्षद कुसुम मनोज गोयल और पप्पू चौपाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में एकता और उत्साह का माहौल बनता है। लोगों ने भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने की उम्मीद जताई।