विश्व स्वास्थ्य दिवस पर सुंदर दीप वर्ल्ड स्कूल में योग कार्यक्रम का आयोजन

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर गुरुवार को सुंदर दीप वर्ल्ड स्कूल में एक विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना और योग के महत्व को समझाना था। स्कूल के सभी विद्यार्थियों ने इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत योग प्रशिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को योग के लाभों के बारे में जानकारी देने से हुई। उन्होंने बताया कि योग न केवल शारीरिक रूप से शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर करने में सहायक होता है।

इसके पश्चात विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया, जिनमें ध्यान, गोमुखासन, मंडूकासन और ताड़ासन प्रमुख रहे। विद्यार्थियों ने इन योगासनों को पूरे उत्साह और समर्पण के साथ किया। कार्यक्रम के अंत में स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सपना अहलावत ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग को दैनिक जीवन में शामिल करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि योग एक सम्पूर्ण जीवन शैली है जो हमें शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाता है। इस आयोजन के माध्यम से सुंदर दीप वर्ल्ड स्कूल ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा दी और स्वास्थ्य के प्रति उनकी सोच को सकारात्मक दिशा दी।