नगर निगम कर्मचारी के साथ हुई लूट

नगर निगम के मोहन नगर जोनल कार्यालय के पास घटी घटना

उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। शहर में बदमाश बेखौफ हो रहे हैं। बदमाशों द्वारा दिन के उजाले में ही लूटपाट की जा रही है। बुधवार को नगर निगम के एक कर्मचारी के साथ मोहन नगर जोनल कार्यालय के सामने कुछ बदमाशों ने लूटपाट की और उसके साथ मार पिटाई भी की। पीड़ित कर्मचारी द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची जरूर लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ पीड़ित को सांत्वना देकर चली गई।
गाजियाबाद नगर निगम में ड्राइवर का काम करने वाले सुरेश छोकर बुधवार शाम करीब 5 बजे कुछ सामान खरीद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह मोहन नगर स्थित गाजियाबाद नगर निगम के जोनल कार्यालय के पास पहुंचे तभी तीन लोगों ने उन्हें घेर लिया। सुरेश फोन पर बात कर रहे थे। तभी एक बदमाश ने ईट से सुरेश के सिर पर वार कर दिया। ईट के वार से सुरेश का फोन हाथ से गिरकर दूर छिटक गया और गर्दन व सिर पर चोटें आई। इसी दौरान बदमाशों के कुछ और साथी आ गए। उन्होंने सुरेश के पॉकेट से पैसे एवं पर्स निकाल लिए। बदमाशों के हाथों में चाकू एवं कट्टा था। उसने शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। सुरेश के पॉकेट में साढे़ 13 हजार रुपए थे। पर्स में कई कागजात एवं आइडेंटी कार्ड रखे हुए थे। बदमाश उसे भी लूट कर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद सुरेश ने अपना फोन ढूंढना और फिर उसी फोन से पुलिस को फोन मिलाया। बदमाश आस पास के ही रहने वाले थे। घटना को अंजाम देने के बाद कुछ बदमाश पास के ही एक फैक्ट्री की तरफ चले गए। सुरेश ने पुलिस को भी दी लेकिन पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई और सिर्फ सांत्वना देकर चले गए। सुरेश नगर निगम के निर्माण विभाग में तैनात एक इंजीनियर की गाड़ी चलाता है। सुरेश ने घटना की जानकारी नगर निगम के मोहन नगर जोनल प्रभारी को भी दी।