-दो गिरफ्तार, प्रशासन ने सीज की दो एंबुलेंस
गाजियाबाद। जिलाधिकारी के आदेश को धता बताकर एंबुलेंस चालक मनमाना किराया वसूलने पर आमादा हैं। इस पर अंकुश के लिए जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हंै। निर्धारित दरों से ज्यादा किराया वसूलने पर अब एंबुलेंस सर्विस के विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी। एंबुलेंस के किराया संबंधी दर अब शीशों पर चस्पा करना अनिवार्य है। इसी क्रम में डीएम ने लोहिया नगर स्थित यादव एंबुलेंस सर्विस/सार्इं एंबुलेंस सर्विस को निर्धारित दर से ज्यादा किराया वसूली करने पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गुरूवार को अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम खालिद अंजुम ने एंबुलेंस संचालक एवं वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई करतेे हुए गिरफ्तार कर जेल भिजवाया। अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम ने बताया कि जिलाधिकारी द्वारा पहले ही कोरोना मरीजों को लाने एवं ले जाने के लिए एंबुलेंस का किराया निर्धारित किया था। मगर कुछ एंबुलेंस संचालक कोरोना महामारी में अधिक किराया वसूलने से बाज नहीं आ रहे हैं। जिलाधिकारी द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर निर्धारित किराया दर से अधिक वसूल करने वाले एंबुलेंस संचालकों के विरुद्ध जांच एवं कार्रवाई के लिए अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम, एआरटीओ आरबी सिंह एवं एआरटीओ राघवेंद्र सिंह,यात्री माल एवं कर अधिकारी संदीप कुमार जायसवाल, सिहानी गेट थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण गोपाल शर्मा को निर्देशित किया कि जांच की जाए।
टीम द्वारा जांच में लोहिया नगर स्थित यादव एंबुलेंस सर्विस/साई एंबुलेंस सर्विस को निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने का दोषी पाया गया। एंबुलेंस संचालक हरिओम यादव एवं वाहन चालक सर्वेश कुमार निवासी जनपद इटावा को पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। जबकि दो एंबुलेंंस को सीज करने के बाद सिहानी गेट थाने में खड़ा किया गया ।जिलाधिकारी ने सभी इंसीडेंट कमांडर एवं एसडीएम को निर्देश दिए कि कोरोना महामारी में मौके का फायदा उठाकर लाभ कमाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें।एंबुलेंस की शीशों पर निर्धारित किराया दर चस्पा की जाए। इसके साथ ही सभी अस्पतालों में भी निर्धारित किराया की सूची का डिस्पले किया जाए। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़े में कमी आने के बाद मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है।
कोरोना संक्रमित 364 लोगों की पुष्टि
गुरूवार को जिले में कोरोना को मात देकर जहां 608 लोग स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किए गए। वहीं,कोरोना संक्रमित 364 लोगों की पुष्टि हुई। जबकि कोरोना संक्रमित 2 लोगों की मौत हो गई। सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता ने बताया कि जिले में गुरूवार को 364 लोगों में कोरोना संक्रमित की पुष्टि हुई है। जबकि 608 लोग स्वस्थ हो गए। जबकि पिछले 24 घंटे में 2 संक्रमित की मौत हुई हैं। जिले में अब तक स्वस्थ होने के बाद आंकड़ा-49,545 तक होने के बाद लोगों को अस्पतालों से डिस्चार्ज किया जा चुका है। जिले में अब तक कोरोना की चपेट में आने के बाद महिला एवं पुरूषों की मौत का आंकड़ा-402 तक पहुंच गया। कोरोना के सक्रिय केस अब 2760 तक रह गए है। कोरोना संक्रमण गांवों में फैलने की वजह से अब गांवों में महिलाएं, पुरूष अधिक इसकी चपेट में आ रहे है।
















