पंचायत चुनाव में शराब खपाने के लिए शराब माफिया हुए सक्रिय

आबकारी विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने पकड़ी 6 लाख की हरियाणा मार्का शराब

गाजियाबाद। जहां प्रदेश में पंचायत चुनाव की तैयारियां जोरों पर दिखाई दे रही है। वहीं जीत के लिए कैडिडेंट्स कई तरीके से प्रयास करने में जुटे हैं। पंचायत चुनाव में बड़े पैमाने पर अवैध शराब खपाने की तैयारी चल रही है। अन्य चुनावों की अपेक्षा पंचायत चुनाव में प्रत्याशियों से कुछ अधिक अपेक्षा मतदाताओं की होती है। प्रत्याशी भी मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब बांटने में संकोच नहीं करते हैं। यूपी की शराब महंगी है, इसलिए गैर प्रांतों (हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, अरुणांचल प्रदेश आदि) की शराब अवैध रूप से यहां मतदाताओं में परोसी जाती है। बिचौलियों की मदद से अवैध शराब खरीदी जा रही है। अभी यह सिलसिला थमने वाला नहीं है।

हरियाणा से टाटा एक्सओनन योद्वा गाड़ी में स्कै्रप भरकर उसमें अंग्रेजी शराब की पेटी छुपाकर तस्करी के लिए ले जाई जा रही 100 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। आबकारी निरीक्षक सुरेश सिंह ने बताया कि देर रात मुखबिर से सूचना मिली की हरियाणा से भारी मात्रा में शराब भरकर ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के रास्ते गाडी जाने वाली है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए मसूरी थाना प्रभारी रघवेन्द्र सिंह के साथ मिलकर चेकिंग शुरू की गई। सुंदरदीप कॉलेज के पास चेकिंग के लिए गाडी को रोका गया तो, पुलिस को देख चालक अंधेरे का फायदा उठाकर गाडी छोड़कर मौके से फरार हो गया। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसके अंदर से 100 पेटी अग्रेजी नाईट ब्लू मेट्रो हरियाणा मार्का अवैध शराब बरामद किया गया। बरामद शराब की कीमत करीब 6 लाख रूपए है। एसएचओ राघवेंद्र सिंह ने बताया कि गाड़ी चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार दोनों तस्करों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शराब तस्कर इतने शातिर किस्म के तस्कर है कि उन्होंने गाड़ी की नंबर प्लेट पर भी गलत नंबर लगाया हुआ था यानी कि फर्जी नंबर प्लेट लगाकर शराब तस्करी का धंधा करते थे।