अवैध अतिक्रमण पर चला निगम का बुलडोजर, विरोध में व्यापारियों ने बाजार किया बंद

गाजियाबाद। नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए शुक्रवार सुबह 11 बजे नया गंज में सड़कों से अतिक्रमण हटाने और अवैध दुकान को तोड़ दिया। बुलडोजर से पक्का निर्माण ध्वस्त कर दिया। सड़क पर खड़ी रेहड़ी पटरी जब्त कर ली। इससे व्यापारी खफा हो गए। विरोध में व्यापारी एकत्र हो गए। व्यापारियों ने गोल मार्केट घंटाघर से लेकर नया गंज तक का बाजार व दुकानों को बंद करा दिया। निगम टीम का घेराव कर विरोध किया। नारेबाजी कर हंगामा किया। इसी बीच विरोध के चलते निगम टीम को अभियान बीच में बंद कर वापस लौट गई। करीब दो घंटे तक व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। दरअसल, नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ के निर्देश पर शुक्रवार को सिटी जोनल प्रभारी अनिल अरूण निगम प्रवर्तन दल एवं पुलिस की टीम के साथ कन्या वैदिक स्कूल के पास अतिक्रमण हटाने पहुंची थीं। यहां पर राहगीर व छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है।

शुक्रवार सुबह 11 बजे टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची और बुलडोजर चलाकर पक्का निर्माण ध्वस्त कर दिया। इसके विरोध में गोल मार्केट से लेकर नया गंज तक करीब 200 दुकानें व्यापारियों ने बंद कर दीं। निगम टीम का व्यापारियों ने घेराव कर लिया। व्यापारी बुलडोजर के सामने खड़े हो गए। नारेबाजी करने लगे। व्यापारियों का कहना है कि बगैर नोटिस दिए निगम टीम अतिक्रमण हटाने आई। व्यापारियों का नुकसान किया गया। व्यापारियों ने फोन पर महापौर सुनीता दयाल से शिकायत की। महापौर ने व्यापारियों से बात कर उनका पक्ष जाना। इसके बाद निगम टीम लौट गई। दोपहर दो बजे व्यापारियों ने फिर से दुकानें खोल ली। बाजार में हंगामे की सूचना पर क्षेत्र के पार्षद राजीव शर्मा भी मौके पर पहुंचे। पार्षद ने निगम टीम का विरोध किया। पार्षद और कुछ व्यापारी सिटी जोनल ऑफिस पहुंचे। वहां जोनल प्रभारी नहीं मिले।दफ्तर में पार्षद ने हाथ मारकर कांच तोड़ दिया। पार्षद और व्यापारी काफी देर तक हंगामा करते रहे।

निगम दस्ते ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इसी बीच बुजुर्ग व्यक्ति की अवैध दुकान तोडऩे के विरोध में व्यापारी एकत्र हो गए। व्यापारी नेता संदीप बंसल के नेतृत्व में दीपक गर्ग, सोनू सैनी, श्रीपाल, संजय गुप्ता, शकुन अग्रवाल, हरिश्चंद्र, सुनील कुमार, जितेंद्र, रविंद्र गोयल, अमन सिसौदिया, जगमोहन सिंह, अरविंद कुमार, विनोद कुमार आदि सैकड़ों की संख्या में व्यापारियों ने अतिक्रमण हटाने का विरोध करते हुए जमकर नारेबाजी की। विरोध के चलते निगम टीम को वापस लौटना पड़ा।संदीप बंसल ने कहा कि नगर निगम तानाशाही पर उतर आया है। व्यापारियों का जान-बूझकर उत्पीडऩ किया जा रहा है। नगर निगम की इस कार्रवाई के विरोध में नया गंज,घंटाघर,डासना गेट, सिहानी गेट, दिल्ली गेट, चौपला मंदिर आदि बाजार व्यापारियों ने बंद कर दिए। करीब दो घंटे तक व्यापारियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।