श्री कृष्ण और राधा के मनमोहक रूप में बच्चों ने मोहा मन

-गौतम पब्लिक स्कूल में हुआ श्री कृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन

गाजियाबाद। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर गुरूवार को गौतम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रताप विहार के प्रांगण में कृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन हुआ। इस दौरान बच्चों ने गीत, नृत्य और मटकी फोङऩे की कला प्रदर्शन किया। विद्यालय के छात्र-छात्राओ ने राधा, कृष्ण के मनमोहक पोशाक में सबके मन मोह लिए। कार्यक्रम के शुभारंभ में विद्यालय की प्रधानाचार्या पूनम गौतम ने कृष्ण जी की पूजा अर्चना की और सभी को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी।

पूनम गौतम ने बताया इस प्रकार के आयोजन जहां अपनी सभ्यता, संस्कृति और विभिन्न पर्वों को जानने का अनूठा माध्यम हैं, वहीं दूसरी ओर विद्यार्थियों की सामाजिक, ऐतिहासिक और पौराणिक ज्ञान की पृष्ठभूमि को एक सशक्त आधार प्रदान करने का माध्यम भी बनते हैं। उन्होंने कहा भाद्रपद माह की कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मध्य रात्रि के समय रोहिणी नक्षत्र में श्रीकृष्ण का जन्म कारावास में हुआ। उन्हें विष्णु का पूर्ण अवतार माना जाता है। उनकी विश्व भर में पूजा होती है। समस्त शक्तियों के अधिपति श्रीकृष्ण कर्म पर ही विश्वास करते हैं और धर्म की रक्षा को सर्वोपरि मानते हैं।

इस अवसर पर उपप्रधानाचार्या तनूजा गौतम, एकेडमिक हेड चेतन शर्मा, मौजूद थे। उपप्रधानाचार्या तनूजा गौतम ने श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई देते हुए कहा कि अतुल्य भारत की अनुपम संस्कृति की गरिमा को बनाए रखने के लिए ये परम आवश्यक है कि हम इन धार्मिक त्योहारों को श्रद्धा और सद्भावना से मनाएं। उन्होंने कहा कि ये पर्व और त्योहार जहां हमें अपनी चिर पुरातन और सनातन संस्कृति से जोड़े रखते है, वहीं ये पूरे देश को एकता के सूत्र में बांधने का महत्वपूर्ण कार्य भी करते है।