संविधान दिवस: नगर आयुक्त ने दिलाई संविधान के मौलिक कर्तव्यों की शपथ

गाजियाबाद। देश के संविधान दिवस पर शनिवार को नगर निगम मुख्यालय सभागार में नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारत के संविधान के मौलिक कर्तव्यों की शपथ दिलाई। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने अपर नगर आयुक्त शिवपूजन यादव, अरूण कुमार यादव, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, अधिशासी अभियंता एवं कर्मचारियों को सुबह 11 बजे सभागार में संविधान की शपथ दिलाते हुए कहा कि हमें इन मौलिक कर्तव्यों को भी सदा याद रखते हुए उन पर अमल करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि भारत का संविधान 26 नवंबर 1949 को बनकर तैयार हुआ तथा संविधान सभा ने इसी दिन संविधान को पूरा कर राष्ट्र को समर्पित किया। 26 जनवरी 1950 से संविधान अमल में लाया गया। मौलिक कर्तव्यों की शपथ लेते हुए यह प्रण करें कि-हम सत्य, निष्ठा से प्रतिज्ञान करते है कि भारत के संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों का पालन करेंगे।

संवैधानिक आदर्शों, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज व राष्ट्रीय प्रतीकों का आदर करेंगे। देश की सम्प्रभुता अखंडता की रक्षा करेंगे। महिलाओं का सम्मान करेंगे। हिंसा से दूर रहकर बंधुता बढ़ाएगें। राष्ट्रीय एकता और अखंडता को बनाए रखने प्रत्येक नागरिकों का कर्तव्य है।