-आरक्षियों को दिलाई ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा की शपथ
-कर्तव्य, निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करें कार्य: जितेंद्र सिन्हा
गाजियाबाद। हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में पीएसी के दीक्षांत समारोह में 178 रिक्रूट आरक्षियों ने भव्यता परेड का आयोजन किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जनपद न्यायाधीश जितेंद्र सिन्हा एवं एसएसपी मुनिराज जी ने दीक्षांत समारोह परेड में जवानों की सलामी ली। मंगलवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में 44वीं वाहिनी पीएसी मेरठ से 178 रिक्रूट आरक्षी पीएसी द्वारा प्रतिभाग किया गया। परेड की सलामी लेते हुए जिला जज जितेंद्र सिन्हा ने परेड का मान प्रणाम ग्रहण किया। वहीं, रिक्रूट आरक्षियों को कर्तव्य के प्रति ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई गई। दीक्षांत परेड के कमांडर प्रथम रिक्रूट आरक्षी संदीप कुमार, परेड कमांडर द्वितीय रिक्रूट आरक्षी आकाश,परेड कमांडर तृतीय रिक्रूट आरक्षी गजेंद्र सिंह पंवार रहे। इनकी कमांड परेड द्वारा 5वीं वाहिनी सीआईएसएफ बैंड यूनिट की धुन पर उच्चकोटि का मार्च पास्ट किया गया।

दीक्षांत परेड समारोह के दौरान कठिन प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद पास होने वाले 178 रंगरूटों ने लयबद्घ कदमताल करके मुख्य अतिथि जिला जज जितेंद्र सिन्हा व एसएसपी मुनिराज जी के अलावा अन्य अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस मौके तीन कमांडरों के नेतृत्व में पांच टोलियों में विभाजित 178 जवानों ने मुख्य अतिथि को मान-सम्मान प्रणाम दिया। इस अवसर पर सीआईएसएफ के बैंड ने मधुर व कर्णप्रिय धुन से भी सबका मन मोह लिया। जिला जज ने परेड का निरीक्षण के दौरान परेड को संबोधित किया। वहीं,एसएसपी ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को कर्तव्य के प्रति ईमानदारी एवं सत्यनिष्ठा की शपथ ग्रहण कराई। सलामी मंच के चारों ओर विभिन्न प्रकार की रंगोली बनाई गई थी। परेड ग्राउंड पर रंगीन कपड़े के बैनर एवं गुब्बारों से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा प्रदर्शित किया गया।जो परेड ग्राउंड की भव्यता को बढ़ा रहे थे। लोहे के पोल लगाकर झंडे फहराए गए।

दीक्षांत समारोह के दौरान एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल,एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा, एसपी क्राइम दीक्षा शर्मा,एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह,एएसपी अभिजीत आर शंकर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील कुमार सिंह,एसपी तृतीय सुभाषचंद्र गंगवार, एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा, सीओ एवं प्रतिसार निरीक्षक उदल सिंह, आरटीसी प्रभारी ललित कुमार एवं रिक्रूट आरक्षियों के विभिन्न जनपदों से आए परिजनों की परेड समारोह कार्यक्रम किया गया। मुख्य अतिथि जिला जज जितेंद्र सिन्हा ने आरटीसी के बाहय एवं अन्य विषयों की परीक्षा में उच्च स्थान प्राप्त करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
रिक्रूट आरक्षी सागर पाल ने अंत: विषयों के योग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं,रिकू्रट आरक्षी विकास कुमार ने बाहय विषयों के योग में प्राप्त स्थान प्राप्त किया। रिक्रूट आरक्षी आयुष मलिक ने सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर आरटीसी में सर्वांग सर्वोत्तम स्थान प्राप्त किया। इन सभी को जिला जज ने ट्रॉफी व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं,दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने वाले एक दर्जन से अधिक रंगरूटों के अलावा प्रशिक्षण को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षकों व अन्य अधिकारियों,आरक्षियों को भी सम्मानित किया गया।
















