वर्दी में काम करेंगे निगम के सफाई कर्मचारी

सफाई कर्मचारियों को बांटे गये पेंट-शर्ट एवं जूते-मास्क

गाजियाबाद। बढ़ती सर्दी को देखकर मेयर आशा शर्मा एवं म्युनिसिपल कमिश्नर महेंद्र सिंह तंवर ने सफाई कर्मचारियों को वर्दी का वितरण किया है। शुक्रवार को निगम परिसर में महिलाओं के लिए सूट, जूते, मास्क एवं नगर निगम की जैकेट एवं पुरूषों के लिए पेंट-शर्ट, जूते, मास्क एवं नगर निगम की जैकेट दी गई हैं। मयेर आशा शर्मा ने कहा कि सफाई कर्मचारी नगर निगम परिवार का अहम हिस्सा हैं।

आपके बगैर हम अधूरे हैं। म्युनिसिपल कमिश्नर तंवर ने बताया कि जिस प्रकार पुलिस की पहचान वर्दी से होती है, उसी प्रकार आपको यह वर्दी दी जा रही है। इसी वर्दी को पहन कर कार्य करें जिससे आपकी पहचान बनी रहे और पता चले कि आप नगर निगम के कर्मचारी हैं और जिस प्रकार आप शहर की सफाई करते हैं, उसी प्रकार जहां आप रहते हैं, वहां की सफाई भी आपकी जिम्मेदारी है। इस दौरान पार्षद सुनील यादव, पार्षद संजय सिंह, अपर नगरायुक्त राज नारायण पांडे, अपर नगरायुक्त प्रमोद कुमार, लेखाधिकारी अरुण मिश्रा, मुख्य अभियंता मोइनुद्दीन खान, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश कुमार, उद्यान अधिकारी अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।