महर्षि कश्यप की मूर्ति के अनावरण में उमड़ा जन सैलाब

युवाओं को करना चाहिए पूर्वजों का सम्मान: नरेंद्र कश्यप

गाजियाबाद। भगवान महर्षि कश्यप की सेक्टर-23 संजय नगर स्थित महर्षि कश्यप पार्क में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्क में मूर्ति अनावरण के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ हवन यज्ञ एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र कश्यप, सिद्धपीठ दूधेश्वरनाथ मंदिर के श्री महंत नारायण गिरि के साथ कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक अजितपाल त्यागी आदि की मौजूदगी में पुष्पांजलि अर्पित करते हुए मूर्ति का अनावरण किया गया। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक अतुल गर्ग, राज्यमंत्री प्रतिनिधि सौरभ जायसवाल, सुशील गौतम, जगदीश साधना बलदेव राज शर्मा, रामकुमार कश्यप, ओप्रकाश, मनीराम, मुकेश कश्यप, जीतपाल कश्यप, वीके अग्रवाल, अनिल स्वामी, डॉ. सागर कश्यप, अमर दत्त शर्मा, विष्णु कश्यप राहुल कश्यप, विशाल, अर्पण, विकास सिंह, राजेंद्र तितोरिया, शिवम शर्मा आदि उपस्थित हुए।

कश्यप समाज के लोगों ने महर्षि कश्यप की मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कश्यप समाज के लिए इसे एक महत्वपूर्ण योगदान बताया। इस दौरान राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने नेताओं, विधायक एवं आसपास के गणमान्य लोगों का खुद स्वागत किया। भगवा पटका पहनाने के साथ ही पुष्पगुच्छ भेंट किए। महर्षि कश्यप पार्क का निर्माण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य पर्यटन विभाग द्वारा किया गया। पार्क में महर्षि कश्यप की विशाल और संगमरमर के पत्थर से सुसज्जित मूर्ति लगाई गई। राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि युवाओं को पूर्वजों का सम्मान करना चाहिए। यहां भगवान महर्षि कश्यप की मूर्ति स्थापित की गई है ऐसी मूर्ति आसपास के जनपदों में देखने को नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि महर्षि कश्यप ने सदैव दूसरों का हित सोचा है और समाज के लिए कार्य किया है। तभी उनका योगदान याद किया जाता है।

उन्हें भुलाया नहीं जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हर कोई विश्वास जता रहा है। केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाएं और जनता के लिए सदैव हित की बात सोचने का जो कार्य हैं। उसे साफ है कि आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 400 सीटें जीतकर फिर से जीत की हैट्रिक लगाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने में विशेष योगदान देगी। महर्षि कश्यप पार्क का निर्माण उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग की ओर से किया गया है। इसके निर्माण में कुल 1.38 करोड़ रुपए खर्च किया गया।पार्क में लाइट,झूलों आदि की व्यवस्था भी की गई है।