गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जनपद के सभी कोविड अस्पताल प्रबंधकों को निर्देश दिए हंै कि अस्पताल में आने वाले कोविड संक्रमित मरीज का सबसे पहले प्राथमिक उपचार प्रारंभ किया जाए। अस्पताल में बेड उपलब्ध हो अथवा नहीं। पहले मरीज का प्राथमिक उपचार किया जाएगा, उसके बाद मरीज को अन्य अस्पताल जहां बेड उपलब्ध होगा, वहां शिफ्ट कराया जाएगा। इस बीच जनपद गाजियाबाद में बढ़ते कोविड संक्रमण को देखकर उप्र शासन ने रामा मेडिकल कॉलेज जनपद हापुड़ को गाजियाबाद के कोविड संक्रमित मरीजों के उपचार हेतु कोविड-19 डैडिकेटिड लेवल-2 बनाए जाने के जिलाधिकारी के अनुरोध पर अनुमति प्रदान कर दी है। रामा मेडिकल कॉलेज में 440 बैड हैं, जिनमें से 40 आईसीयू एवं 20 एचडीयू बेड उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने रामा मेडिकल कॉलेज में मरीजों एवं अस्पताल के चिकित्सकों से समन्वय बनाए रखने को प्रशासन की ओर से पीएन दीक्षित परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण गाजियाबाद एवं डॉ. मुंशी लाल अपर मुख्य चिकित्साधिकारी गाजियाबाद को नोडल अधिकारी नामित किया है। इन दोनों अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वह संबंधित अस्पताल में लगातार उपस्थित रहकर मरीजों एवं चिकित्सकों से समन्वय बनाए रखेंगे तथा अस्पताल में कोविड मरीजों को भर्ती कराया जाना सुनिश्चित कराएंगे। बता दें कि जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने जनपद में विषम स्थिति के दृष्टिगत कोरोना धनात्मक रोगियों के ससमय उचित उपचार हेतु रामा मेडिकल कॉलेज हापुड़ को जनपद गाजियाबाद के संबंध में आरक्षित करने का अनुरोध शासन से किया था।
















