-पीडि़तों को ससमय दिलाया जाए सरकार की योजना का लाभ: राकेश कुमार सिंह
गाजियाबाद। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनता दर्शन में समस्याओं को सुना। इस दौरान सभी अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि सुबह 10 से दो बजे तक अपने कार्यालय में बैठकर आने वाली जनता की समस्याओं को सुनकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। उन्होंने पीड़ितों की समस्याओं को सुनकर समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण व संतुष्टिपूर्ण निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा इनकी समस्याओं को सुनते हुए तत्काल निस्तारण कराएं। जिलाधिकारी जनता के लिए प्रतिदिन कार्यालय में ही उपलब्ध रहते हैं, उनकी समस्याएं सुनते हैं और समाधान के लिए मातहतों को त्वरित दिशा-निर्देश भी जारी कर रहे हैं।
जनता के प्रति जिलाधिकारी की सुलभता से मातहत भी जवाबदेह बन रहे हैं। इस दौरान सैकड़ो लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। जनसमस्याओं को सुनने के दौरान ई-श्रम कार्ड धारक की मृत्यु होने के बाद उसकी पत्नी को व दूसरी घटना में मंसूरी नहर में डूबकर मृत्यु हो जाने पर आश्रितों को योजनाओं का लाभ ना मिलने की शिकायतें आई। जिस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को दूरभाष से संपर्क कर पीडि़तों को तुरंत योजनाओं का लाभ दिलाने के आदेश दिए। जन समस्या सुनने के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट शुभांगी शुक्ला भी मौजूद रही।
















