गाजियाबाद। राष्ट्रीय एकता के सूत्रधार भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल की 147वीं जयन्ती पर सोमवार को जनपद में उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने सरदार बल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाते हुए कहा कि सब देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करें तथा देशवासियों में भी यही संदेश पहुंचाने का कार्य करें। लौह पुरुष सरदार बल्लभ भाई पटेल जी की दूरदर्शिता एवं देश के लिए उनके द्वारा किए गए कार्यों व सहयोग को याद दिलाते हुए कहा कि पटेल जी का पूरा जीवन दर्शन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत के रूप है जो सदैव अनुकरणीय है।
उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि वे सब राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की मजबूती के लिए अपना योगदान दें। जिलाधिकारी ने सरदार बल्लभभाई पटेल के जन्म दिवस को ”राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाए जाने के अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि ”मैं सत्य निष्ठा से शपथ लेता हूं कि मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वंय को समर्पित करुंगा और अपने देशवासियों के बीच यह संदेश फैलाने का भी भरसक प्रयत्न करूंगा। मैं यह शपथ अपने देश की एकता की भावना से ले रहा हूं, जिसे सरदार वल्लभ भाई पटेल की दूरदर्शिता एवं कार्यों द्वारा संभव बनाया जा सका है। मैं अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने की भी सत्य निष्ठा से संकल्प लेता हूॅं।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) विवेक श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी भू0अ0, नगर मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, अपर उप जिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती, अपर उप जिलाधिकारी चंद्रेश कुमार सहित अन्य अधिकारी गण एवं कर्मचारी गणों ने भी भारतरत्न, लौहपुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किया। जिलाधिकारी द्वारा दिये गये निर्देश के क्रम में जनपद के विभिन्न विभागों तथा सभी तहसीलों में सम्बन्धित उपजिलाधिकारी/तहसीलदार द्वारा लौह पुरूष सरदार बल्लभभाई पटेल जी की जयन्ती का आयोजन किया गया।
















