-नामाकंन पत्र आए लोगों से की वार्ता, 311 मतदान केंद्रों पर 958 बूथ
गाजियाबाद। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं एसएसपी अमित पाठक ने गुरुवार को सबसे पहले रजापुर, मुरादनगर व भोजपुर ब्लॉक में पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर निरीक्षण किया। तदुपरांत संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। वहां उन्होंने नामाकंन पत्र बिक्री की व्यवस्था की जांच की। डीएम ने नामांकन पत्र लेने के लिए कतार में खड़े लोगों से बात की। उन्होंने पूछा कि नामाकंन पत्र लेने में उनको कोई समस्या तो नहीं हो रही है। इसके बदले उनसे कोई अतिरिक्त पैसा तो नहीं लिया जा रहा है। लोगों ने अतिरिक्त धन लेने की बात से पूरी तरह इन्कार किया।
डीएम ने कहा कि चुनाव में डयूटी करने से बच रहे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डीएम, एसएसपी ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का भी निरीक्षण किया। कई जगह उन्होंने थोड़ी थोड़ी देर के लिए रुककर देखा कि कहीं पर कोई खामी तो नहीं हैं। जिसके बाद मतदान केन्द्रों को निरीक्षण किया। पंचायत चुनाव के लिए जनपद में 311 मतदान केंद्रों पर 958 बूथ बनाए गए हैं। जिले को 21 जोन में विभाजित किया गया है।
21 जोन में 78 सेक्टर बनाए हैं। 57 बूथ संवेदनशील, 114 अति संवेदनशील व 132 अति प्लस संवेदनशील श्रेणी में हैं। पंचायत चुनाव में 3852 कार्मिकों की डयूटी लगाई गई है। 20 प्रतिशत स्टाफ को रिजर्व श्रेणी में रखा गया है। जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 285 फार्म बिके हैं। इसके अलावा भोजपुर ब्लॉक में प्रधान पद के 511, क्षेत्र पंचायत के 533, ग्राम पंचायत के 336 फार्म बिके हैं। इसी तरह मुरादनगर ब्लॉक में प्रधान पद के 431, क्षेत्र पंचायत के 246 व ग्राम पंचायत के 360, रजापुर ब्लॉक में प्रधान पद के 421, क्षेत्र पंचायत के 460 व ग्राम पंचायत पद के लिए 348 फार्म तथा लोनी ब्लॉक में प्रधान पद के 357, क्षेत्र पंचायत के 398 व ग्राम पंचायत के लिए 197 फार्म की बिक्री हो चुकी है। इस दौरान एसपी देहात डॉ ईरज राजा, डीपीआरओ भालचंद्र त्रिपाठी, एसडीएम आदित्य प्रजापति, तहसीलदार उमाकांत तिवारी, सीओ मोदीनगर सुनील कुमार सिंह, एसएचओ मुरादनगर अमित कुमार, एसएचओ भोजपुर प्रदीप कुमार समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
18 एआरओ ड्यूटी से नदारद, गिरी गाज
निर्वाचन ड्यूटी में लगाए गए एआरओ को अपनी ड्यूटी पर ब्लॉक में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे, जिसके सापेक्ष 18 एआरओ ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए हैं। इनमें अरुण कुमार, बलराम अभियंता, बलराम दास गुप्ता, नीरज कुमार, सुशील कुमार, कपिल कुमार, अविनाश शाह, भानु प्रताप सिंह, लोकेश कुमार, सतीश कुमार, विकास विक्रम सिंह, ज्ञान प्रकाश द्विवेदी, अरुण कुमार यादव, चंद्रशेखर सिंह, अनूप कुमार, सुनील कुमार, संजीव कुमार सिंह एवं योगेश कुमार पटेल सम्मिलित हैं। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के निर्देश पर सभी अनुपस्थित पाए गए 18 एआरओ के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराकर विभागीय कार्यवाही भी प्रस्तावित की जा रही है। अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संतोष कुमार वैश्य ने बताया कि पंचायत निर्वाचन के कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पंचायत निर्वाचन की ड्यूटी में लगाए गए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समय पर अपनी अपनी ड्यूटी पर उपस्थित होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। अन्यथा की स्थिति में उनके विरूद्ध भी इसी प्रकार की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।















