-एसएसपी के सख्त तेवर, अपराधों पर लगाम लगाने के निर्देश
गाजियाबाद। जनपद में चार दिन पूर्व कप्तान का चार्ज संभालने के बाद आईपीएस अधिकारी डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने बीती रात पुलिस लाइन सभागार में एएसपी व सीओ से लेकर थाना प्रभारी निरीक्षकों के साथ अपराध को लेकर समीक्षा बैठक की। पहली क्राइम मिटिंग में ही एसएसपी ने बैठे एएसपी, सीओ व थाना प्रभारियों को अपने सख्त तेवर का नरमी के साथ एहसास कर दिया। जिले में बढ़ते अपराध को ले सख्त, पुलिस अधीक्षक ने सभी मातहतों को अपराध नियंत्रण के लिए सख्त आदेश दिए हैं। थानाध्यक्षों को उन्होंने स्पष्ट निर्देश दे दिया कि जिस थाना क्षेत्र में अपराध बढ़ेंगे वहां के थानाध्यक्ष नप जाएंगे।
इसके लिए थानाध्यक्षों को गश्त बढ़ाने के साथ ही जेल से छूटे अपराधियों को बराबर निगाह में रखने का आदेश देने के साथ ही चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए रात्रि गश्ती पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई। एसएसपी ने शराब के विरूद्ध अभियान चलाने तथा तस्करों के लिए सुरक्षित मार्गों की तलाश कर उनपर निगरानी रखने का निर्देश दिया। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस को मास्क के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया, जिससे लोग मास्क पहनने की आदत डाल सकें। एसएसपी अमित पाठक ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायती चुनावो को लेकर निर्देश दिए कि पुलिस टीम गांवों में अपने गस्त बढ़ा दें। क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अधिक ध्यान रखने पर जोर दिया जाए। वाहनों की चेकिंग करें।
अवैध हथियार व शराब मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में असमाजिक गतिविधियों में शामिल रहने वाले लोगों की सूची तैयार कर लें तथा उन पर विशेष ध्यान रखे। एसएसपी ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से फरियादियों द्वारा छोटी-छोटी समस्या लेकर एसएसपी कार्यालय आने पर उन्होंने सभी थानेदारों को मामले के निस्तारण में निष्पक्षता बरतने के साथ ही दर्ज मुकदमों पर कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। कहा कि जिस थाने से ज्यादा फरियादी पहुंचेंगे उन थानेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जन शिकायत प्रकोष्ठ की हर माह की रिपोर्ट स्वयं देखेंगें। एसएसपी ने अपराध को कम करने के लिए जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम करने पर जोर दिया। कहना था कि जनता और पुलिस के बीच की दूरी कम होने से अपराध पर अंकुश तो लगेगा ही, साथ ही आमजन के अंदर पुलिस के प्रति देखने का नजरिया भी बदलेगा। इस दौरान एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह, एसपी देहात डॉ. इराज सहित, एएसपी संदीप कुमार मीना, सारावनन टी, एसपी सिटी तृतीय सुभाष गंगवार, एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा, सीओ लोनी अतुल कुमार सोनकर, सीओ अभय कुमार मिश्र, सीओ अवनीश कुमार, सीओ महिपाल सिंह, सीओ अंशुु जैन, सीओ मोदीनगर सुनील कुमार सिंह समेत विभिन्न थानों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
















