डीएम ने किया बाढ़ क्षेत्रों का दौरा

बाढ़ प्रभावित इलाकों में प्रशासन की राहत टीमें पूरी तरह से मुस्तैद: राकेश कुमार सिंह

गाजियाबाद। जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ से प्रभावित इलाकों के लोगों की सुरक्षा तथा उन तक राशन सामग्री पहुंचाने के लिए प्रयासरत है। हिंडन नदी के करहेड़ा, नूर नगर, राजनगर एक्सटेंशन, नगला, सिटी फोरेस्ट आदि बाढ़ से प्रभावित हुए है। जिनसे जिला प्रशासन लगातार पहुंच बनाकर हर संभव सहायता कर रहा है। उनकी 24 घंटे सहायता के लिए मेडिकल टीमों की भी तैनाती की गई है। खान-पान वाले पदार्थों के अलावा हर प्रकार की सहूलियत लोगो को हर समय मुहैया करवाई जा रही है। सोमवार को जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अपने प्रशासनिक अमला के साथ करहेड़ा, नूर नगर, राजनगर एक्सटेंशन, नगला, सिटी फॉरेस्ट आदि बाढ़ क्षेत्रों को दौरा करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों या बाढ़ राहत शिविर में भेजा जाए।

उन्होने खाद्य विभाग को आदेश दिए कि प्रशासन द्वारा उनकी खाद्य सामग्री का विशेष प्रबन्ध किया जाए। डीएम ने एसडीएम वित्त को निर्देशित किया कि त्वरित कार्यवाही के साथ बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराया जाए, जिससे पीड़ितों को जल्द राहत राशि प्राप्त हो सके। डीएम ने वित्त विभाग, कृषि विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, वन विभाग इत्यादि विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ पीड़ितों की विशेष देखरेख की जाए। बाढ़ पीड़ितों की सहायता में किसी भी प्रकार लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। बाढ़ क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान डीएम के साथ सीडीओ विक्रमादित्य सिंह मलिक, एसडीएम सदर, एसडीएम वित्त सहित वित्त विभाग, कृषि विभाग, विद्युत विभाग, खाद्य आपूर्ति विभाग, वन विभाग इत्यादि विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।