गाजियाबाद। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने बुधवार को शिप्रा सनसिटी में चार्टर्ड एकाउंटेंट (सीई) के आवास पर छापा मारा। ईडी की छापामार कार्रवाई से एकाएक हड़कंप मच गया। ब्लैक मनी को व्हाइट में तब्दील किए जाने के मामले में यह कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार इंदिरापुरम थानांतर्गत शिप्रा सनसिटी की रिगलिया हाइट्स सोसाइटी में सीए समर त्रेहान रहते हैं। त्रेहान के आवास पर बुधवार की सुबह ईडी की टीम ने छापामार कार्रवाई की। इसकी जानकारी मिलने पर आस-पास के रेजीडेंट्स में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया गया है कि ईडी की टीम के आने से पहले समर को संभवत: कार्रवाई की भनक लग गई थी। वह सपरिवार फ्लैट बंद कर फरार हो गया। बाद में ईडी की टीम ने फ्लैट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। तदुपरांत आवश्यक जांच-पड़ताल आरंभ की गई। आस-पास के नागरिकों का कहना है कि समीर त्रेहान घर से सीए का कार्य करते हैं। आरोप है कि वह ब्लैक मनी को विभिन्न स्थानों पर लगाकर व्हाइट करने का काम करते रहे हैं। सीए त्रेहान ने निजी कंपनी की ब्लैक मनी को व्हाइट में कन्वर्ट किया था।
इसके बाद ईडी टीम को समीर त्रेहान की कारगुजारी के विषय में जानकारी मिली। ऐसे में ईडी स्तर से अब जांच-पड़ताल आरंभ कर दी गई है। ईडी टीम की जांच के संदर्भ में अभी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आ सकी है। बता दें कि इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में कुछ दिनों पहले आयकर विभाग की टीम ने एक रियल स्टेट कारोबारी के बंगले पर भी छापा मारा था। कारोबारी के विदेश से लौटने के साथ इनकम टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने यह कार्रवाई की थी।
















