-दिल्ली की अवैध शराब समेत 7 तस्कर गिरफ्तार, चार वाहन सीज
गाजियाबाद। सस्ते के चक्कर में दिल्ली की सस्ती शराब लेकर गाजियाबाद आने वाले लोगों के खिलाफ आबकारी विभाग ने फिर से मुहिम छेड़ दी है। जनपद में शराब तस्करी रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने दिल्ली बोर्डर पर अपना जाल बिछाना शुरु कर दिया है। जैसे ही लोग दिल्ली की शराब लेकर गाजियाबाद की सीमा में प्रवेश करेंगे, तुंरत आबकारी विभाग की टीम उन्हें दबोच लेगी। पकड़े जाने वाले लोगों के खिलाफ विभाग सख्त कार्रवाई करेगा। चेकिंंग के दौरान दिल्ली की शराब के साथ अगर पकड़े गए तो जेल तो जाना निश्चित है।

साथ ही पकड़े गए वाहन को भी सीज किया जाएगा। आबकारी विभाग ने पूर्व की तरह फिर से कार्रवाई शुरु की है। जिसमें अवैध शराब के साथ पकड़े जाने पर कम से कम 6 माह या फिर उससे अधिक की जेल और वाहन जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान दिल्ली की अवैध शराब समेत 7 तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही कार समेत चार वाहन को भी सीज किया गया।

जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात तक आबकारी निरीक्षक अखिलेश बिहारी वर्मा, आशीष पाण्डेय, राकेश त्रिपाठी, त्रिवेणी प्रसाद मौर्य, त्रिभुवन सिंह हयांकी की संयुक्त टीम द्वारा दिल्ली बॉर्डर, खोड़ा, ट्रांसपोर्ट नगर चेक पोस्ट, लोनी-बागपत रोड़ एवं ईडीएम मॉल व डासना टोल प्लाजा पर चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान दिल्ली बॉर्डर खोड़ा से प्रवर्तन अभियान के क्रम में थाना खोड़ा अन्तर्गत हीरालाल पुत्र सरजू निवासी साई मंदिर प्रगति विहार खोड़ा को 48 पौव्वा डेनिश व्हिस्की दिल्ली मार्का के साथ गिरफ्तार करते हुए घटना में प्रयुक्त टीवीएस ज्यूपिटर स्कूटी को सीज किया गया।

वहीं खोड़ा से दो अभियुक्त रघुवीर पुत्र राम जी एवं सुमन प्रसाद पुत्र इंद्रासन प्रसाद को हीरो एक्टिवा वाहन पर परिवहन करते हुए 48 कैन बीरा बियर फॉर सेल इन दिल्ली के साथ गिरफ्तार किया गया। उधर दिल्ली बागपत रोड पर शांतिनगर गेट के पास रोड चेकिंग के दौरान दो अभियुक्त अमित पुत्र राम किशन व संजय पुत्र बाबू लाल निवासी विकास नगर लोनी को मोटरसाइकिल हीरो पैशन प्रो पर 12 बोतल विदेशी मदिरा रॉयल ग्रीन ब्रांड फॉर सेल दिल्ली का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इसी क्रम में डासना टोल प्लाजा के पास चेकिंग के दौरान दो अभियुक्त शाहवेज पुत्र परवेज एवं राहुल पुत्र मांगेराम को आई-20 कार पर परिवहन करते हुए 36 केन किंगफिशर बीयर, 6 बोतल बॉटम्स अप, 6 हाफ व्हिसकिन क्राफ्ट बोतल के साथ गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60, 63 व 72 के तहत अभियोग पंजीकृत कर जेल भेजा गया।
















