शराब तस्करों की चैन तोड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीम कर रही रात में छापेमारी

• अरुणाचल की विदेशी शराब समेत तस्कर गिरफ्तार, दुकान बंद होने के बाद करता था तस्करी

उदय भूमि
गाजियाबाद। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने एक शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया तस्कर क्षेत्र में अरुणाचल की शराब बेच रहा था। जिले में अवैध रूप से शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे रात्रि अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीमें रात के अंधेरे में चोरी-छिपे शराब तस्करी करने वाले तस्करों को सलाखों की पीछे भेज रही है। जिले में भले ही बडे माफिया का सफाया हो चुका हो, मगर छोटे शराब तस्करों की चैन भी छोटी नहीं है। यह चैन ऐसी कि कभी यूपी शराब तो कभी दिल्ली, हरियाणा और अरुणाचल की शराब तस्करी करते है।

इसी चैन को तोड़ने के लिए आबकारी विभाग की टीम ने दिन-रात एक कर रखी है। पकड़ा गया तस्कर शातिर किस्म का है, जो कि बाहरी राज्यों की शराब लाकर घर में छिपाकर रख देता था, जैसे ही रात में दुकाने बंद हो जाती तो अपनी दुकान खोलकर बैठ जाता था। पुलिस से बचने के लिए साईं उपवन के पास खड़ा होकर बेचता था। मगर आबकारी विभाग की कार्रवाई ने शराब तस्कर का यह खेल बिगाड़ दिया। रात में जैसे ही घर से शराब के पव्वे लेकर साईं उपवन अंडरपास के पहुंचा तो उसके इंतजार में पहले से खड़ी आबकारी विभाग की टीम ने दबोच लिया।

जिला आबकारी अधिकारी संजय कुमार प्रथम ने बताया जिले में अवैध रुप से शराब तस्करी करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। रविवार रात को आबकारी निरीक्षक त्रिवेणी प्रसाद मौर्य और थाना नगर कोतवाली की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान इस्लामनगर, नया बस अड्डा ,केला भट्टा आदि स्थानों पर दबिश दी गई। दबिश के दौरान साईं उपवन अंडरपास के पास खड़े होकर शराब तस्करी कर रहे मोनू पुत्र यासीन निवासी पसोंडा टीला मोड़ को गिरफ्तार किया गया।

जिसके कब्जे से अरुणाचल मार्का 80 पव्वे क्रेजी रोमियो ब्रांड विदेशी शराब बरामद किया। जिसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। उन्होंने बताया जिले में शराब तस्करों के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही शराब की दुकानों पर गुप्त टेस्ट परचेजिंग और चेकिंग भी की जा रही है।