किसान कल्याण मिशन: कम लागत में किसानो को मिले अधिक लाभ: सीडीओ

गाजियाबाद। किसानों की आय दोगुनी करने के लिए बुधवार से किसान कल्याण मिशन शुरू हो गया। भोजपुर स्थित ब्लाक परिसर में किसान कल्याण मिशन के तहत किसान गोष्ठी, मेले व प्रदर्शनी का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कुल 12 विभागों द्वारा मेले में प्रदर्शनी लगाई गई। किसानों को खेती की नवीन तकनीक के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अस्मिता लाल, जिला विकास अधिकारी भालचंद त्रिपाठी और भोजपुर ब्लाक प्रमुख कृष्णबीर सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया।

इस दौरान किसानों के लिए अलग-अलग विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगाई गई जिसमें कृषि, बाल विकास, सहकारिता, पशुपालन, उद्यान, वन, मंडी, खाद्य रसद, सौर ऊर्जा, विकास, गन्ना आदि विभागों ने सहयोग किया। इसके अलावा कृषि वैज्ञानिकों ने भी किसानों को बताया कि किस मौसम में कौन सी फसल की खेती की जाएगी, जिससे अधिक लाभ हो। कम लागत में बेहतर पैदावार प्राप्त हो सके। इसके अलावा किसानों को खेत में ही पराली निस्तारण की विधि से भी अवगत कराया गया। किसानों को वर्मी कंपोस्ट का इस्तेमाल करने के लिए भी प्रेरित किया गया। वहीं, गोष्ठी में अधिकारियों ने किसानों से उनकी समस्याओं के बारे में भी चर्चा की। किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड समेत अन्य योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी गई। ब्लाक प्रमुख कृष्णबीर सिंह ने कहा कि सरकार का प्रयास है किसान प्रगति करें। इसलिए किसान कल्याण मिशन चल रहा है। इस मिशन का मुख्य उद्देश्य किसानों को नवीन तकनीक से जोडऩा है। इस मौके पर जिला कृषि अधिकारी डॉ. राकेश मौर्य, जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश सिंह, उपकृषि निदेशक डॉ. बिरेंद्र कुमार, बीडीओ फैसल आलम, एडीओ कृषि सुरेंद्रपाल सिंह, ब्लाक आंकिक अविनाश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।