दिनभर मोर्चा संभाले रही पुलिस, टला टकराव
गाजियाबाद। नए कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलनरत किसानों ने आज रेल रोको अभियान चलाया। इसके मद्देनजर जनपद में सरकारी तंत्र मुस्तैद रहा। पुराना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे, एएसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, सीओ फस्र्ट अभय कुमार मिश्र ने आरपीएफ और जीआरपी जवानों के साथ मुस्तैदी से कमान संभाली। पुराना रेलवे स्टेशन पर किसानों ने कुछ देर तक उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन रोकी। एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ स्टेशन पर पहुंच गए। एडीएम सिटी ने बताया कि जिले में किसानों ने पुराना रेलवे स्टेशन और मोदीनगर में ट्रेन रोकी। पुराना रेलवे स्टेशन पर एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स के साथ जायजा लिया गया। पुराना गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर एक ट्रेन रोकी गई। आंदोलनकारी किसान वहां पहुंचे और यात्रियों को गुड़ खिलाया।
इसके अलावा मोदीनगर, मुरादनगर, साहिबाबाद, लोनी आदि क्षेत्र में एडीएम एवं एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, लोनी में एसडीएम शुभांगी शुक्ला, सीओ अतुल सोनकर ने जीआरपी, आरपीएफ के साथ रेलवे स्टेशनों पर मुस्तैद रहे। वहां पर भी किसानों ने स्टेशन पर ट्रेन रोकी। स्टेशन पर आंदोलनकारियों को रोकने के लिए पीएसी की 2 प्लाटून तैनात की गई थी। जीआरपी के 54 जवान को अलग-अलग प्लेटफार्म पर तैनात किया गया था। रेलवे सुरक्षा विशेष बल के जवान तैनात रहे। जीआरपी के थाना प्रभारी निरीक्षक अमीराम सिंह ने बताया कि फोर्स पहले से तैनात कर दी गई थी। वहीं, आरपीएफ के थाना प्रभारी पीकेजी नायडू ने बताया कि आरपीएसएफ जवानों को प्लेटफार्म और स्टेशन पर तैनात किया गया था। इसके अलावा घंटाघर कोतवाली प्रभारी संदीप सिंह भी पुलिस फोर्स के साथ मुस्तैद रहे। जिला पुलिस जगह-जगह स्टेशन के बाहर तैनात रही। दमकल व टीयर गैस के साथ जवान भी तैनात रहे। सादे कपड़ों में पुलिस ने आंदोलनकारियों की निगरानी की। गुरुवार की सुबह से स्टेशन और आसपास जवान तैनात कर दिए गए थे। चार टीमें रेलवे ट्रैक पर लगातार गश्त करती रहीं। वहीं, गौशाला फाटक, कोटगांव फाटक, हिंडन के पास और सादिक की पुलिया के पास जवान तैनात रहे। ट्रेन में यात्रियों की सुरक्षा की गई। एडीएम सिटी ने बताया कि जिले में किसानों का ट्रेन रोको आंदोलन शंातिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। पुराना रेलवे स्टेशन पर किसानों का ट्रेन रोकने का कार्यक्रम नहीं था, मगर एहतियात के तौर पर सुबह से स्टेशन और प्लेटफार्म पर पुलिस फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
















