बेखौफ बदमाशों ने कारोबारी के सीने में मारी गोली, हालत गंभीर

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में आपराधिक घटनाएं रूकने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस की सख्ती के बावजूद बदमाश निरंतर वारदातों को अंजाम देने पर उतारू हैं। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में शनिवार को कुछ बदमाशों ने मिनरल वाटर प्लांट संचालक को गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। बाद में पीड़ित को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। उधर, पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र की संगम विहार कॉलोनी में शनिवार की सुबह यह घटना सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी है।

संगम विहार कॉलोनी निवासी सोनू शर्मा मिनरल वाटर प्लांट चलाते है। वाटर प्लांट कॉलोनी में लगाया गया है। वह विवाह समारोह में भी मिनरल वाटर की आपूर्ति करते हैं। शनिवार की सुबह करीब 9 बजे सोनू कॉलोनी में स्थित जिम से बाहर निकले थे। इस बीच कुछ बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली उनके सीने में लगी, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए। वारदात से कॉलोनी में सनसनी फैल गई।

कुछ नागरिकों की मदद से पीड़ित सोनू शर्मा को दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। उधर, पुलिस क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार उपाध्याय का कहना है कि मिनरल वाटर प्लांट संचालक पर हमले के मामले में सीसीटीवी कैमरे से हमलावरों की तलाश की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फरार बदमाशों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।