गाजियाबाद। नगर निगम ने गुरुवार को गुलधर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। वहां हरित पट्टी पर कब्जा कर 35 मकान बना लिए गए थे। प्रवर्तन दल की टीम ने जेसीबी की मदद से सभी मकानों को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई से एकाएक अफरा-तफरी मच गई। इसके अलावा 10 गोदाम, 10 डेयरी और धर्मकांटा का निर्माण कार्य भी ढहा दिया गया।
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर से हरित पट्टी की भूमि पर अवैध कब्जा होने की शिकायत की गई थी। ऐसे में नगरायुक्त के निर्देश पर कविनगर जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता ने संपत्ति अधीक्षक भोलानाथ एवं प्रवर्तन दल के प्रभारी कर्नल दीपक शरण एवं पुलिस की मौजूदगी में अवैध मकानों, गोदाम व डेयरी को ध्वस्त कर दिया। कविनगर जोनल प्रभारी हरिकृष्ण गुप्ता ने बताया कि गुलधर औद्योगिक क्षेत्र मेरठ रोड भट्टा नंबर-5 के सामने रोड नंबर-1 ग्रीन बैल्ट की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर किया गया था।
गत 4 सितंबर को वहां पर स्थल चिन्हित करने के बाद लाल निशान लगाए गए थे। वहीं, 6 सितंबर को मौके पर सार्वजनिक सूचना भी चस्पा की गई थी, मगर ग्रीन बैल्ट की जमीन से कब्जा नहीं हटाया गया। प्रवर्तन दल और पुलिस टीम के सहयोग से 35 मकान, 10 गोदाम, 10 डेयरी, एक धर्मकांटा के अलावा 4 फैक्ट्री के सामने अवैध रूप से कब्जा किए जाने के चलते इन्हें ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान वहां पर अधिकांश कब्जाधिकारियों ने स्वयं अपना सामान हटा लिया।















