-शाहपुर-बम्हैटा, क्रॉसिंग रिपब्लिक में अवैध निर्माण ध्वस्त, सीलिंग
-नोटिस के बाद भी नही रुकवाया निर्माण कार्य
गाजियाबाद। जनपद में अवैध निर्माण के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) के अभियान को और धार दी जाएगी। जोन वार कार्रवाई कर जीडीए अवैध निर्माण को ध्वस्त करने के साथ-साथ सीलिंग की कार्रवाई कर रहा है। जीडीए की लगातार हो रही कार्रवाई से बिल्डरों में भी हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई से पूर्व जीडीए द्वारा नोटिस भी दिया जा रहा है। जिसके बाद भी बिल्डर अवैध निर्माण करने से बाज नही आ रहे है। ऐसे लोगों को चिन्हिंत कर जीडीए ने जोन वार कार्रवाई तेज कर दी है।
गुरुवार को जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के आदेश पर जीडीए प्रवर्तन दस्ते की टीम ने शाहपुर-बम्हैटा के पास बनाए गए मकान एवं क्रॉसिंग रिपब्लिक में पंचशील वेलिंग्टन सोसायटी में अवैध रूप से खड़ा किए गए स्टील के स्ट्रैक्चर को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। वहीं, विजयनगर राहुल विहार में अवैध बिल्डिंग को सील किया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के प्रभारी एवं तहसीलदार दुर्गेश सिंह की अगुआई में जोन के सहायक अभियंता एमपी सिंह ने अवर अभियंता योगेश वर्मा, चंद्रमौलि पांडेय, रामानंद, परशुराम एवं जीडीए पुलिस और विजयनगर थाने की पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए।

जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के प्रभारी दुर्गेश सिंह ने बताया कि नेशनल हाइवे-9 के नजदीक गांव शाहपुर-बम्हैटा में दिनेश व विनोद द्वारा अवैध रूप से मकान का निर्माण किया गया था। इन्हें पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। मगर निर्माण जारी रखा। जिसे बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। वहीं,महरौली गांव के पास अवैध निर्माण ध्वस्त किया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के सहायक अभियंता एमपी सिंह ने बताया कि इसके अलावा बुद्ध विहार में सुनील यादव द्वारा अवैध रूप से फ्लैट बनाने के लिए खड़े किए गए स्ट्रैक्चर को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा क्रॉसिंग रिपब्लिक में पंचशील वेलिंग्टन सोसायटी के अंदर अवैध रूप से खड़े किए गए स्टील स्ट्रैक्चर निर्माण को ध्वस्त किया गया।
अनुज कुमार, पुष्पेंद्र शर्मा, जयभगवान द्वारा प्रज्ञा विहार में किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। इन्हें पूर्व में नोटिस जारी किया गया। मगर अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा था। वहीं,विजयनगर क्षेत्र में राहुल विहार में अवैध निर्माण को सील किया गया। चेतावनी दी गई कि दोबारा से अवैध निर्माण किया गया तो संबंधित के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। बता दें कि जीडीए उपाध्यक्ष ने सभी जोन प्रभारियों को निर्देश दिए है कि वह प्रत्येक माह अवैध निर्माण के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार करेंगे। इस रिपोर्ट में अवैध निर्माण के खिलाफ की कार्रवाई को इसमें शामिल किया जाएगा। इसलिए सभी जोन क्षेत्र में अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही हैं।
महरौली में 4 बीघा जमीन पर चला बुलडोजर
बिना नक्शा पास कराए ही अवैध रूप से गांव रजापुर में बनाए तीन मंजिला फ्लैट एवं गांव महरौली के पास लगभग 4 बीघा जमीन में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में जीडीए प्रवर्तन दस्ते की टीम ने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। जीडीए प्रवर्तन जोन-4 के प्रभारी एवं ओएसडी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि जोन के सहायक अभियंता जानकी शरण मिश्रा, अवर अभियंता ज्ञानप्रकाश द्विवेदी, अजित सिंह,अनूप श्रीवास्तव एवं जीडीए पुलिस और कविनगर थाने की पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि जोन-4 के अंतर्गत गांव रजापुर के खसरा संख्या-1105 में अवैध रूप से तीन मंजिला फ्लैट का निर्माण किया गया था। इसे पूर्व में नोटिस जारी किया गया। मगर निर्माण जारी रखा। बुलडोजर चलाकर अवैध फ्लैट को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा गांव महरौली के खसरा नंबर-797/1 व 797/2 में अवैध रूप से किए गए निर्माण एवं मकान की छत को हथौड़ा चलाकर ध्वस्त किया गया।

इसके अलावा खसरा संख्या-951 में लगभग 4 बीघा जमीन पर अवैध रूप से काटी जा रही अनाधिकृत कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर सड़क,पार्क व भूखंड़ों की बाउंड्रीवाल,खंबे आदि को ध्वस्त किया गया। जीडीए ओएसडी ने बताया कि जीडीए की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माण करने वालों ने जमकर विरोध किया।
मगर पुलिस ने उन्हें लाठी फटकार कर वहां से खदेड़ दिया। चेतावनी दी गई कि दोबारा से अवैध निर्माण शुरू किया गया तो ध्वस्त करने और सीलिंग की कार्रवाई निरंतर की जाएगी। जीडीए ओएसडी ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि अनाधिकृत रूप से विकसित यूनिट, फ्लैट व अवैध कॉलोनी में काटे गए भूखंड को क्रय-विक्रय न करें। अन्यथा स्वयं उत्तदायी होंगे। यूपी नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। संबंधित थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।














