गाजियाबाद। बगैर नक्शा पास कराए अवैध रूप से निर्माण किए डूंडाहेड़ा के पास आदर्श कॉलोनी में कई मकानों को गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने 4 जेसीबी मशीनों से ध्वस्त कर दिए। शुक्रवार को जीडीए उपाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के प्रभारी एवं ओएसडी सुशील कुमार चौबे की अगुवाई में सहायक अभियंता रामानंद, अवर अभियंता योगेश वर्मा ने जीडीए पुलिस एवं क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने की पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण को चार जेसीबी मशीनों के जरिए ध्वस्त कर दिया।
जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे ने बताया कि डूंडाहेड़ा की आदर्श कॉलोनी और शिव आदर्श कॉलोनी में अवैध रूप से भवनों का निर्माण कर कई कमरें बना लिए गए। इन पर पूर्व में सीलिंग की कार्रवाई की गई थी। मगर सील तोड़कर फिर से अवैध निर्माण किया जा रहा था। शुक्रवार को टीम के साथ अवैध कॉलोनी आदर्श कॉलोनी डूंडाहेड़ा में विनोद कुमार, रामवीर निवासी आदर्श कॉलोनी के अवैध मकानों को जेसीबी मशीन चलाकर ध्वस्त किया गया।
वहीं,अवैध शिव आदर्श कॉलोनी में विकास शर्मा, अनिल शर्मा, तरूण शर्मा द्वारा अवैध रूप से किए बनाए गए मकानों को ध्वस्त किया गया। अवैध निर्माण करने वालों ने जमकर हंगामा किया। मगर पुलिस ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया। जीडीए ओएसडी ने बताया कि अवैध निर्माण करने वालों को चेतावनी दी गई कि दोबारा से अवैध निर्माण किया गया तो संबंधित के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।















