-नगर निगम खर्च करेगा 16.58 करोड़ रुपए
गाजियाबाद। शहर में पार्कों को पूर्णत: विकसित करने के लिए नगर निगम ने रूपरेखा तैयार कर ली है। इसके तहत 200 पार्कों की खूबसूरती में वृद्धि हो सकेगी। प्रत्येक पार्क में हरियाली बढ़ाने के साथ-साथ वॉकिंग ट्रैक, रंगाई-पुताई, नई बेंच स्थापित करने इत्यादि कार्य पूर्ण कराए जाएंगे। इन कार्यों पर करीब 16.58 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर उद्यान अनुभाग ने कार्ययोजना तैयार की है। पार्कों में हरियाली बढ़ाने के लिए कई प्रजातियों के पौधे लगाने का काम किया जाएगा। इसके लिए उद्यान विभाग ने टेंडर मांगे है। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद सितंबर में ठेकेदारों को वर्कऑर्डर जारी कर कार्य शुरू कराया जाएगा। नगर निगम द्वारा विकसित किए जाने वाले इन 200पार्कों में से अधिकांश पार्क विजयनगर जोन,मोहननगर और सिटी जोन के शामिल हैं। इन पार्कों में मेंटनेंस का कार्य नहीं होने की वजह से बदहाल स्थिति में है। पार्कों की बाउंड्रीवॉल टूटी होने के साथ घास खड़ी होने और गंदगी होने पर इन्हें दुरूस्त किया जाएगा। नगर निगम की बोर्ड बैठक में निगम पार्षदों ने पार्कों को विकसित करने की मांग की थी। ऐसे में पार्कों को विकसित करने के लिए पहले 20 करोड़ रुपए से विकसित करने की योजना बनाई गई। लेकिन अब 16.58 करोड़ रुपए से पार्कों में विकास कार्य कराए जाएंगे। नगर निगम के उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह ने बताया कि पार्कों में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके लिए 200 पार्कों को चिन्हित किया गया है। पार्कों में हरियाली बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रजाति के पौधे लगाएंगेे। वहीं,पार्कों की बाउंड्रीवाल, बेंच,घास,ट्रैक,रंगाई-पुताई आदि कार्य कराए जाएंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद सितंबर में इन पार्कों में कार्य शुरू हो जाएगा। पार्कों में विकास कार्य के साथ हरियाली बढ़ाने पर मुख्य फोकस है। उद्यान प्रभारी ने बताया कि ऐसे पार्कों में बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। बाउंड्रीवॉल, वॉकिंग ट्रैक के आसपास बड़ी संख्या में पौधे लगाए जाएंगे। पौधों की देखभाल के लिए मालियों को निर्देश देने के साथ स्थानीय लोगों को भी जागरूक किया जाएगा। शहर में चिन्हित किए गए इन पार्कों में बड़े पार्कों के एक हिस्से में बच्चों के खेलने के लिए मैदान विकसित किया जाएगा। इन पार्कों में बच्चों के खेलने से पौधों को कोई नुकसान नहीं होगा।
















