-मेयर ने पूजा अर्चना कर लिया गुरू का आर्शीवाद
गाजियाबाद। आस्था, श्रद्धा और सादगी के साथ शनिवार को Guru Purnima मनाई गई। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने व्रत रख जहां नित्य पूजा के बाद आरती की। आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा का विशेष महत्व है। सनातन धर्म अनुयायी इस दिन अपने गुरुदेव की कृपा प्राप्त करने के लिए मंदिर व घरों में पूजा करते हैं। मेयर आशा शर्मा ने सुबह राजनगर स्थित श्रीराम मंदिर जाकर महंत का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विनीत शर्मा और वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र सारस्वत भी उपस्थित थे। महापौर आशा शर्मा ने कहा कि दुनिया में भगवान व गुरु का स्थान ऊपर है, मगर सबसे ऊपर है माता-पिता का स्थान। उसमें भी मां सर्वोपरि है। वेद ग्रंथों में उल्लिखित के अलावा तमाम उदाहरण हैं, जो मां को सबसे बड़ा बताते हैं। माता-पिता बच्चे को जन्म देते हैं लेकिन यह गुरु ही हैं जो बच्चे को अच्छा और चरित्रवान इंसान बनाता है। उन्होंने कहा कि आज के परिवेश में गुरु-शिष्य के संबंधों पर विचार करना चाहिए। पहले गुरु के प्रति समान का भाव होता था लेकिन आज के परिवेश में यह सम्मान घटता जा रहा है। हनुमान मंगलमय परिवार ट्रस्ट के संस्थापक बीके शर्मा हनुमान ने दूधेश्वनाथ मंदिर जाकर महंत नारायण गिरी महाराज का आशीर्वाद लिया। Guru Purnima के मौके पर प्राचीन दूधेश्वर मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की। महंत नारायण गिरि ने कहा कि आज का दिन बड़े ही सौभाग्य का दिन है।
भगवान हर किसी के करीब रहते है और उन्हें पाने के लिए कोमल हृदय की जरूरत होती है। जो भी व्यक्ति कोमल मन से भगवान को याद करता है भगवान उसे अपने दर्शन देते है। इसलिए पूजा करते समय अपना मन मात्र भगवान की तरफ ही लगाना चाहिए। आज हनुमान जी व शनि महाराज की भी विशेष कृपा अपने भक्तों पर रहेगी। इस दिन गुरु स्मरण करने पर शीघ्र आध्यात्मिक उन्नति होने में सहायता होती है। इस दिन गुरु का तारक चेतन वायु मंडल में कार्यरत रहता है। गुरु पूजन करने वाले जीव को इस चेतन का लाभ मिलता है। Guru Purnima को व्यास पूर्णिमा भी कहते हैं।
















