सितंबर तक प्रॉपर्टी और हाउस टैक्स जमा कराएंगे तो मिलेगी 20 फीसदी की छूट

हाउस टैक्स बकाएदारों को ब्याज से बचना है तो समय पर जमा करें कर: म्युनिसिपल कमिश्नर

गाजियाबाद। अगर आप नए वित्तीय वर्ष में प्रॉपर्टी और हाउस टैक्स में छूट चाहते हैं तो आपको 31सितंबर तक खुद ही अपने घर का टैक्स जमा करवाना होगा। इसके लिए जरूरी नहीं कि आपको नगर निगम कार्यालय ही जाना पड़े। घर बैठे ही ऑनलाइन टैक्स जमा करवा सकते हैं। अन्यथा आपको ब्याज के साथ हाउस टैक्स जमा करना होगा। नगर निगम ने हाउस टैक्स के बकाएदारों पर कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शहरवासियों से सितंबर माह में 20 फीसदी छूट का लाभ प्राप्त करते हुए अधिक से अधिक संपत्ति कर का भुगतान करने की अपील की है। नगर निगम द्वारा संपत्ति करदाताओं को सितंबर में संपत्ति कर भुगतान करने पर 20 फीसदी की छूट दी जा रही है। इसके उपरांत अक्टूबर व नवंबर माह में 10 फीसदी की छूट दी जाएगी। नगर निगम शहर हित में लगातार प्रयासरत है। जिसके क्रम में अवकाश के दिवसों में भी जोनल कार्यालय में संपत्ति कर की वसूली का कार्य जारी रहेगा।
म्युनिसिपल कमिश्नर के निर्देशानुसार करदाताओं की सहूलिय के लिए मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा को अवकाश के दिवसों में भी जोनल कार्यालय खुले रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पांचो जोन में आवश्यकता अनुसार वसूली कैंप लगाने के लिए भी आदेशित किया है। करदाता घर बैठे भी ऑनलाइन संपत्ति कर का भुगतान कर सकते हैं।

अवकाश दिवस में खुलेंगे पांचो जोनल कार्यालय

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉक्टर संजीव सिन्हा ने बताया कि महापौर सुनीता दयाल और म्युनिसिपल कमिश्नर विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देशानुसार अवकाश दिवस में न केवल जोनल कार्यालय पर कर की वसूली होगी। बल्कि करदाताओं की सहूलियत के अनुसार पांचो जोन मे भी अलग-अलग स्थान पर वसूली कैंप लगाए जाएंगे। जिससे करदाताओं को टैक्स जमा करने के लिए जोनल कार्यालय ना जाना पड़े। वसुंधरा जोन के अंतर्गत गौर गंगा वन सेक्टर चार वैशाली, मोहन नगर जोन के अंतर्गत जीडीए अपार्टमेंट लाजपत नगर, सिटी जोन के अंतर्गत लाल क्वार्टर महाराणा प्रताप स्कूल लोहिया नगर, कवि नगर जोन के अंतर्गत लैंड क्राफ्ट सोसायटी वार्ड 24 महरौली, विजयनगर जोन के अंतर्गत पानी की टंकी काली मंदिर वार्ड-55 में संपत्ति कर वसूली के लिए कैंप लगेगा। जिसमें आसपास के क्षेत्र के करदाता अपना कर आसानी से जमा कर सकेंगे।

विशेष अभियान चलाकर की जाए कर वसूली

म्युनिसिपल कमिश्नर ने कर विभाग को संपत्ति कर वसूलने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। जिसके क्रम में अवकाश दिवसों एवं कार्य दिवसों में भी क्षेत्र में कैंप लगाने के लिए आदेशित किया है। जोनल प्रभारियों को विशेष रूप से जिम्मेदारी देते हुए ऐसे क्षेत्र जहां पर टैक्स नहीं लगा है उनको चिन्हित कर टैक्स लगाने के भी निर्देश दिए गए है। अधिक से अधिक कर वसूली कर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के लिए अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को भी निर्देश दिए हैं।