सीकरी खुर्द में जीडीए ने 34,700 वर्गमीटर में तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाकर किया ध्वस्त

  • अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों पर जीडीए प्रवर्तन टीम की सख्त कार्रवाई जारी
  • मोदीनगर के सीकरी खुर्द गांव में बुलडोजर से तोड़ी गई सड़कें, बाउंड्रीवाल और साइट ऑफिस
  • कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं के विरोध के बावजूद पुलिस बल ने कार्रवाई जारी रखी

उदय भूमि संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन टीम ने मोदीनगर क्षेत्र के सीकरी खुर्द गांव में बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ कार्रवाई की। उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल के सख्त आदेश पर बुधवार को लगभग 34,700 वर्गमीटर में बनाई जा रही तीन अनाधिकृत कॉलोनियों को बुलडोजर के माध्यम से पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से प्राधिकरण ने शहर में अवैध निर्माण और कॉलोनियों को रोकने का स्पष्ट संदेश दिया। जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी एवं ओएसडी राजीव रत्न सिंह के नेतृत्व में सहायक अभियंता राजीव कुमार, अवर अभियंता राजन सिंह और अवर अभियंता योगेश कुमार ने जीडीए पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी की। मंजीत सिंह और संजय पुत्रगण जयपाल, राजीव चौधरी द्वारा खसरा संख्या-639 पर लगभग 6,700 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाई जा रही कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।

वहीं, सोहनवीर सिंह, बलदेव सिंह और मनीष कुमार पुत्रगण विपत्ति सिंह, टेकराम पुत्र रामबल, जुगतू सिंह पुत्र नेकीराम और राजेन्द्र पुत्र रामपाल द्वारा खसरा संख्या-642 पर लगभग 28,000 वर्गमीटर में सड़कों का निर्माण, मिट्टी भराई और ईंट चिनाई का कार्य किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान कोई भी स्वीकृत मानचित्र या स्वामित्व अभिलेख प्रस्तुत नहीं किया गया। इसी के चलते जीडीए प्रवर्तन टीम ने तीनों कॉलोनियों में कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़कें, भूखंडों की बाउंड्रीवाल, साइट ऑफिस और खंभों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। जीडीए टीम की कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर और निर्माणकर्ताओं ने जमकर विरोध किया, लेकिन जीडीए पुलिस बल ने उन्हें नियंत्रित कर कार्रवाई को जारी रखा। इस दौरान स्थानीय लोगों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना अनुमति किसी भी निर्माण को बक्शा नहीं जाएगा। जीडीए प्रवर्तन टीम ने बताया कि यह कार्रवाई शहर में नियामक अनुशासन लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी शहर में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान का उद्देश्य केवल ध्वस्तीकरण करना नहीं, बल्कि शहरवासियों और निर्माणकर्ताओं को चेतावनी देना भी है कि नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जीडीए प्रवर्तन जोन-2 के सहायक अभियंता राजीव कुमार ने कहा कि ‘हमारे निर्देश स्पष्ट हैं, बिना अनुमति कोई भी निर्माण बक्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई सभी के लिए उदाहरण होगी कि कानून और नियमों की अवहेलना करने वाले कोई भी सुरक्षित नहीं हैं।Ó उन्होंने आगे कहा कि जीडीए के सभी जोन में ऐसी कार्रवाई निरंतर की जाएगी और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ कड़ी निगरानी रखी जाएगी। जीडीए प्रवर्तन टीम ने बताया कि अब सभी अनाधिकृत कॉलोनियों की लगातार निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार का निर्माण नियमों के खिलाफ पाया गया, तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। शहर में पारदर्शिता, अनुशासन और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखेगा।