संभव कार्यक्रम में मेयर एवं नगर आयुक्त ने सुनी लोगों की शिकायतें, खुल गई व्यापारी नेताओं की पोल

  • दुकानों का किराया बढ़ाए जाने का विरोध करने पहुंचे नेताओं ने ही खोल दी पोल, बोले..नगर निगम की दुकानों को किराए पर देकर कई लोग वसूलते है मोटी रकम
  • बैठक में 24 शिकायत एवं 14 मांग प्राप्त हुए, 10 बजे से 2 बजे तक निगम सभागार में मौजूद रहे नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर

गाजियाबाद। नगर विकास विभाग के निर्देश पर जन-शिकायतों के निदान के लिए नगर निगम की नई पहल ‘संभव’ कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नगर निगम कार्यकारिणी कक्ष में लोगों की शिकायतें सुनी गई। संभव कार्यक्रम में मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के अलावा अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव, शिवपूजन यादव, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में लोग सीवर, पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे। इसके अलावा कई लोग अपने क्षेत्र में विकास कार्य कराये जाने से संबंधित मांग पत्र लेकर पहुंचे। संभव कार्यक्रम में कई व्यापारी नेता पहुंचे और उन्होंने टैक्स बढ़ोत्तरी का विरोध करते हुए मेयर और नगरायुक्त को ज्ञापन सौंपा। इसी दौरान व्यापाारियों का पक्ष रखते हुए अनजाने में ही कई नेताओं ने नगर निगम की संपत्तियों के साथ हो रहे खेल को भी उजागर कर दिया।

दरअसल नगर निगम के संपत्तियों के किराए में बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव का विरोध कर रहे व्यापारी नेताओं का कहना था कि नगर निगम की दुकानों के किराए में कोई बढ़ोत्तरी ना की जाये और यदि बढ़ोत्तरी हो तो वह कम से कम हो। नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने व्यापारियों की इस मांग को मानने से इंकार कर दिया। नगर आयुक्त ने कहा कि किराए में जो बढ़ोत्तरी हुई है वह शासनादेश के अनुसार है और इसमें दुकानदारों के हितों का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। जिन्हें मूल रूप से दुकानें आवंटित की गई थीं उन्हें इससे लाभ होगा। कई मूल आवंटियों ने दुकानें बेच दी है। कई ऐसे लोग हैं जो नगर निगम को किराए के रूप में सिर्फ 300 या 500 रुपए दे रहे हैं और वह दुकान से अधिक किराया वसूल कर रहे हैं। एक व्यापारी नेता ने नगर आयुक्त की बातों पर सहमति जताते हुए कहा कि कई ऐसे दुकानदार हैं जिन्होंने अपनी दुकानें 50 हजार रुपए महीने के किराए पर दे रखी हैं। व्यापारी नेता की इस बात से संभव कार्यक्रम में पहुंचे अन्य व्यापारी नेताओं में चुप्पी छा गई और उनका रूख बदल गया। इसके बाद व्यापारी नेताओं ने मांग की कि किराए में बढ़ोत्तरी हो, लेकिन व्यापारियों के हित का ध्यान रखा जाए।

व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि किसी भी सूरत में व्यापारियों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। किराए में तर्क संगत और शासन के निर्देशों के अनुरूप बढ़ोत्तरी होगी। मूल आवंटियों से कोई प्रीमियम नहीं लिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति मूल आवंटी का वारिस है तो वह भी अपने दस्तावेज लगा सकता है। किसी भी व्यापारी को कोई समस्या या शिकायत है तो वह अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। कार्यक्रम में आए व्यापारी नगर आयुक्त की बातों से संतुष्ट होकर लौटे। इस दौरान कुल 38 संदर्भ प्राप्त हुए जिसमें से 24 शिकायत तथा 14 मांग प्राप्त हुई। जिनको तत्काल प्रभाव से नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा शिकायत का निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए इसकी कार्रवाई दो दिन के अंदर पूरी करने के निर्देश दिए।

मेयर आशा शर्मा ने कहा कि शहर के निवासियों की सुनवाई के लिए अनिवार्य रूप से नगर निगम अधिकारियों द्वारा प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालय में सुनवाई की जाती हैं। मगर समस्याओं व शिकायतों के निस्तारण को और अधिक पारदर्शी तरीके से करने के लिए तथा कम समय में समुचित निस्तारण करने के लिए नगर विकास विभाग द्वारा संभव कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मंगलवार को नगर निगम के सभी विभाग के अध्यक्ष एवं नगर आयुक्त द्वारा जनसुनवाई की गई।

नगर आयुक्त महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रत्येक मंगलवार को विशेष संभव कार्यक्रम के माध्यम से जनप्रतिनिधि सहित शहर की सम्मानित जनता से मिलकर उनकी मांग तथा शिकायतों पर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। मंगलवार को प्राप्त शिकायतों तथा मांग को भी योजनाबद्ध तरीके से निराकरण किया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया पूर्व से जारी नागरिकों की समस्याओं को सुनने के बाद निस्तारण करने प्रयास सफल रहा है। शहरवासियों की शिकायतों का समाधान तत्काल प्रभाव से कराया जाता रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि कम समय में नागरिकों की समस्या का समाधान कराया जा सकें। उन्हें नगर निगम के चक्कर न काटने पड़े। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अरूण कुमार यादव, शिवपूजन यादव, डॉ. अनुज कुमार सिंह, चीफ इंजीनियर एनके चौधरी समेत सभी विभाग के अध्यक्ष मौजूद रहे।

व्यापारियों नेे उठाई समस्याएं:
लोहा मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अतुल जैन द्वारा अतिक्रमण अभियान चलाने से पूर्व विचार-विमर्श के लिए ज्ञापन सौंपा। ताकि व्यापारियों का भी सहयोग निगम को प्राप्त हो सके। अतुल जैन अपने व्यापारी प्रतिनिधि मंडल के साथ नगर निगम मुख्यालय पहुंचे जहां पर उन्होंने समस्याओं से संबंधित एक ज्ञापन नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर को सौंपा।

अतुल जैन ने कहा लोहा मंडी में अतिक्रमण अभियान चलाने से पूर्व उन्हें भी सूचित किया जाए। जिससे लोहा व्यापारी भी नगर निगम की कार्रवाई में अपना सहयोग दें सकें। पूर्व में भी नगर निगम के कार्यों में सहयोग किया गया है। लोहा मंडी में चारों तरफ अतिक्रमण फैला हुआ है। जिस कारण जाम के साथ-साथ अपराधिक वारदातें भी होने की संभावना रहती है। लोहा मंडी में हजारों व्यापारी अपना कारोबार कर रहे है।

सीवर लाइन की समस्या:
व्यापारी नेता संदीप बंसल मालीवाडा से नेहरूनगर थर्ड की सीवर लाइन की समस्या पर चर्चा की। वहीं रामानुज दयाल मार्केट से व्यापारियों द्वारा दुकानों के किराए संबंधित चर्चा की गई। उन्होंने कई बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। संदीप बंसल ने कहा सीवर लाइन की समस्या के चलते क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात का मौसम भी शुरु हो गया है। अगर समय रहते इस समस्या का निस्तारण नही किया गया तो सीवर का पानी सड़क व घरों में घुसने की संभावना रहती है। नगर आयुक्त ने व्यापारी की समस्या सुन संबधित अधिकारी को योजनाबद्ध तरीके से समस्या के निराकरण करने के निर्देश दिए।

ब्रिज विहार सड़क निर्माण की उठी मांग:
केपी तिवारी ने ब्रिज विहार से एचआईजी कॉलोनी ब्रिज विहार में सड़क निर्माण में नाली निर्माण के लिए मांग की। केपी तिवारी ने बताया कि सड़क जर्जर स्थिति में पहुंच चुकी है और आम शहरी को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पिछले काफी समय से नगर निगम को निर्माण कार्य को लेकर पत्र दिया जा चुका है। मगर अब तक कोई कार्रवाई नही की गई है। सड़क जर्जर होने के कारण आए दिन हादसें होते रहते है।

पेयजल की उठाई समस्या:
भाजपा पार्षद मनोज गोयल द्वारा कौशांबी में स्वच्छ पीने के पानी की सप्लाई के संबंध में चर्चा की गई। मनोज गोयल ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल संकट गहराया हुआ है और लोग पेयजल को लेकर परेशान हैं। जिस कारण लोगों को बाहर से बोतल खरीदना पड़ रहा है। पार्षद ने नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर से आग्रह किया कि जल्द ही इस ओर कदम उठाए जाएं। ताकि लोगों की समस्याओं का निस्तारण हो सके।

विभागवार शिकायतों का विवरण:
प्रकाश विभाग-0,उद्यान-1, निर्माण-3,स्वास्थ्य-7,संपत्ति-1,हाउस टैक्स-2,जलकल-4 शिकायतें दर्ज की गई। जबकि जोनवार शिकायतें प्राप्त हुई। कविनगर जोन-6 शिकायतें, सिटी जोन-18, वसुंधरा जोन-8,मोहननगर-2 और विजयनगर जोन-4 शिकायतें प्राप्त हुई।