गाजियाबाद। बगैर नक्शा स्वीकृत कराए अवैध रूप से मसूरी क्षेत्र में पिपलेहड़ा एनटीपी रोड पर अवैध कॉलोनी में खड़े किए गए पिलर एवं अनाधिकृत रूप से बनाई जा रहे कमरे पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने मंगलवार को सीलिंग की कार्रवाई की है। इसके साथ ही अवैध कॉॅलोनियों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त किया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन-5 के प्रभारी अधिशासी अभियंता राजीव कुमार सिंह के निर्देशन में सहायक अभियंता एमपी सिंह ने अवर अभियंता चंद्रमौलि पांडेय एवं जीडीए पुलिस और मसूरी थाना पुलिस की मौजूदगी में अवैध निर्माण पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।

मसूरी क्षेत्र के पिपलेहड़ा में एनटीपीसी रोड पर मैसर्स रमनदीप, रियासत अली, फुरकान द्वारा अवैध कॉलोनी में अवैध रूप से स्ट्रैक्चर खड़ा करने और पिलर का निर्माण, बाउंड्रीवाल किए जाने के चलते इन्हें सील किया गया। वहीं, फुरकान द्वारा अवैध रूप से दुकान के बराबर में पक्के कमरे का निर्माण किए जाने के चलते उसे सील किया गया। जीडीए प्रवर्तन जोन के सहायक अभियंता एमपी सिंह ने बताया कि इन्हें पूर्व में नोटिस जारी किया गया था। नोटिस जारी होने के बाद भी अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा था। अवैध निर्माण किए जाने के चलते इन्हें सील किया गया। साथ ही चेतावनी भी दी गई हे कि सील के साथ छेड़छाड़ की गई तो एफआईआर की कार्रवाई भी की जाएगी।

लोनी में 54 बीघा जमीन में बनी अवैध कॉलोनी पर गरजा बुलडोजर
बगैर नक्शा स्वीकृत कराए लोनी क्षेत्र में अनाधिकृत रूप से काटी जा रहीं अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) प्रवर्तन दस्ते की टीम ने 54 बीघा क्षेत्रफल में बसाई जा रही कॉलोनी में ऑफिस, भूखंडों की बाउंड्रीवाल,बिजली खंबे, सड़क आदि को ध्वस्त कर दिया। जीडीए सचिव के निर्देश पर अवैध निर्माण की रोकथाम के लिए यह कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता मानवेंद्र कुमार सिंह की अगुआई में सहायक अभियंता प्रदीप कुमार सिंह ने अवर अभियंता रमाकांत तिवारी, रामेश्वर, प्रदीप कुमार गुप्ता, राजेश कुमार शर्मा एवं जीडीए पुलिस और लोनी थाना पुलिस की मौजूदगी में यह बड़ी कार्रवाई अवैध कॉलोनियों में की है।

जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी मानवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 54 बीघा क्षेत्रफल में अवैध रूप से काटी जा रही कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। इनमें लोनी में निठौरा रोड स्थित खसरा संख्या-843 की लगभग 8 बीघा जमीन में नावेद भाटी, महेश शर्मा, चंद्रपाल, वेदपाल,ब्रहमपाली आदि द्वारा अवैध कॉलोनी काटी जा रही है। ऐसे ही निठौरा रोड पर लगभग 8 बीघा जमीन पर खालिद, लोकेश गर्ग आदि एवं महेश पंडित द्वारा न्यू भारत सिटी निठौरा रोड, निकट गढ़ी सबलू रोड लोनी एवं हाजी गुलजार कौसर द्वारा मदीना गार्डन फेस-2 निठौरा रोड लोनी में 10 हजार वर्गमीटर जमीन,जगल सिंह एवं मोहम्मद शहजाद द्वारा निठौरा लोनी में 10 हजार वर्गमीटर जमीन के अलावा 17 बीघा क्षेत्रफल को मिलाकर कुल 54 बीघा क्षेत्रफल में काटी जा रही अवैध कॉलोनी में बुलडोजर चलाकर टीम द्वारा अवैध कॉलोनी में 4 ऑफिस,90 भूखंडों की बाउंड्रीवाल, 30 बिजली पोल, सड़क आदि को ध्वस्त किया गया। जीडीए की इस ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान निर्माण करने वालों ने जमकर हंगामा किया। मगर पुलिस फोर्स ने लाठी फटकार कर उन्हें वहां से खदेड़ दिया।















