समाधान दिवस में डीएम ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, 7 शिकायतों का निस्तारण

गाजियाबाद। सामुदायिक केंद्र नेहरू नगर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस इौरान जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने जन-शिकायतों की सुनवाई की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण तरीके से ससमय निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन-शिकायतों के निदान में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी, तहसीलदार विजय मिश्र, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार आदि अधिकारियों की मौजूदगी में संपूर्ण समाधान में पीडि़तों की शिकायतें सुनने के बाद उनका निस्तारण किया। शनिवार को सुबह 11 बजे से दो बजे तक आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष 38 शिकायतें दर्ज हुई। इसमें से मौके पर 7 शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। बाकी शिकायतों को संबंधित विभाग के अधिकारियों को जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रदेश शासन का यह महत्वपूर्ण संपूर्ण समाधान दिवस कार्यक्रम है। इसकी लगातार मॉनिटरिंग हो रही है। ऐसे में सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका निस्तारण करें। शिकायतों का निस्तारण करने के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना दी जाए। पोर्टल पर दर्ज कराई जाए। जिलाधिकारी के समक्ष पुलिस,जीडीए,नगर निगम समेत अन्य विभागों की ज्यादा शिकायतें आई। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिवस में आने वाली शिकायतों का निस्तारण जल्द कर तहसील को सूचना दी जाए। यहां के अलावा मोदीनगर तहसील और लोनी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। वहां पर एडीएम एवं एसडीएम ने लोगों की शिकायतों को सुनने के बाद उनका निस्तारण कराया। अनिस्तारित शिकायतों का जल्द निस्तारण करने के लिए संबंधित विभाग को शिकायतें प्रेषित की गई।