रालोद से टिकट के लिए इंदरजीत सिंह टीटू ने की दावेदारी

शहर विधान सभा सीट से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा, जयंत चौधरी को लिखा पत्र

गाजियाबाद। पिछले करीब 27 साल से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय इंदरजीत सिंह टीटू ने राष्ट्रीय लोकदल से गाजियाबाद शहर विधान सभा सीट से चुनाव लड़ने के लिए दावेदारी की है। इस संबंध में उन्होंने रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत को पत्र भेजा है। टीटू ने अगले विधान सभा चुनाव में मौका देने की अपील की है। गाजियाबाद के मूल निवासी इंदरजीत सिंह टीटू का जन्म मौहल्ला तुराब नगर में हुआ था। वह पंजाबी समाज से ताल्लुक रखते हैं। तुराबनगर में जन्म के उपरांत नसरतपुरा में रहकर उन्होंने पढ़ाई-लिखाई की।

उनके पिता भी पेशे से व्यापारी थे। पिता के बाद उन्होंने व्यापार को संभाला। पिछले 27 साल से वह राजनीतिक और सामाजिक कार्यों में सक्रिय है। शहर विधान सभा क्षेत्र में विभिन्न पदों पर रहकर उन्हें समाज के साथ सुख-दुख में खड़ा होने का मौका मिला है। सिख धर्म में जन्म लेने के कारण देश पर कभी भी किसी भी रूप में कोई चुनौती आई है तो गुरु घर में सेवादार होने के नाते उसे भी निष्ठा से निभाने का काम किया। रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखे पत्र में इंदरजीत सिंह टीटू ने कहा है कि 1952 से लेकर 1967 तक सिख समाज से ताल्लुक रखने वाले स्व. तेजा सिंह शहर विधायक रहे। उस समय काफी कम तादात में पंजाबी समाज गाजियाबाद में रहता था।

अब पंजाबी समाज की तादात काफी बढ़ गई है। शहर विस क्षेत्र में पंजाबी समाज के वोटर भी काफी संख्या में हैं। इसके अलावा मुस्लिम, वैश्य और ब्राह्मण समाज भी बराबर के हैं। इसके बाद एससी समाज की तादाद भी अधिक है। टीटू ने कहा है कि प्रत्येक समाज में वह अच्छी पकड़ रखते हैं। टीटू ने रालोद के टिकट से शहर विधान सभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की है। यदि विधान सभा चुनाव में किसी पार्टी से रालोद का गठबंधन होता है तब भी वह अच्छा चुनाव लड़ सकते हैं। उनका कहना है कि यदि पंजाबी समाज के हिस्से में यह सीट आती है तो आस-पास मुरादनगर और साहिबाबाद सीट पर पंजाबी बहुत अधिक तादाद में है, जिसका पार्टी को बहुत अधिक लाभ होगा।