पीडि़तों की समस्याएं सुन तत्काल करें निस्तारण: एडीजी

गाजियाबाद। मेरठ जोन के एडीजी राजीव सभरवाल ने शनिवार को थाना दिवस के मौके पर थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थानों में आने वाले पीडि़तों की समस्याएं सुनकर उनका तत्काल निस्तारण करें।शनिवार को मेरठ जोन के एडीजी राजीव सभरवाल थाना दिवस पर निवाड़ी थाने में अचानक पहुंचे। एडीजी के पहुंचने पर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। एडीजी राजीव ने एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा एवं निवाड़ी थाना प्रभारी मनोज कुमार की मौजूदगी में थाने में बैठकर पीडि़तों की समस्याओं को सुना एवं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कई शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया।

एडीजी ने कहा कि थानों में आने वाले पीडि़तों से पुलिसकर्मियों को व्यवहार ठीक होना चाहिए। जो भी शिकायत दर्ज की जाए। उसका समय पर निस्तारण किया जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही सामने पर आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एडीजी ने करीब एक घंटे तक थाने में बैठकर पीडि़त लोगों की समस्याएं सुनीं। इनमें कुछ का मौके पर निस्तारण कराया। इसके अलावा मसूरी थाने में सीओ सदर एएसपी आकाश पटेल एवं एसडीएम सदर विनय सिंह ने लोगों की शिकायतें सुनने के बाद के बाद निस्तारण किया। इसके अलावा एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेंद्र सिंह ने साहिबाबाद थाने में शिकायतें सुनीं। जिले के सभी थानों में शनिवार को थाना दिवस पर पुलिस अधिकारियों ने शिकायतें सुनीं। इनमें मौके पर कुछ शिकायतों का निस्तारण किया गया।

सैनिक सम्मेलन में पुलिसकर्मियों की सुनीं समस्याएं 
शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन के परमजीत हॉल में सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में एसएसपी मुनिराज जी ने एक-एक करके पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं। एसएसपी के समक्ष पुलिसकर्मियों ने छुट्टी मांगी तो कुछ पुलिसकर्मियों ने घर की समस्यां बताई। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनने के बाद उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से निस्तारण करने के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। सम्मेलन में जिले के पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं पुलिस विभाग से संबंधित समस्याओं को सुनने के बाद एसएसपी ने इनका तत्काल निस्तारण करने के लिए संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए।

एसएसपी ने सैनिक सम्मेलन मे मौजूद महिला एवं पुरूष पुलिसकर्मियों से सीधा संवाद किया। इस दौरान एक-एक पुलिसकर्मी की व्यक्तिगत एवं पुलिस से संबंधित समस्याओं को सुना। इनमें से कुछ पुलिसकर्मियों की समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। सम्मेलन में एसपी सिटी प्रथम निपुण अग्रवाल, एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेन्द्र सिंह, एसपी देहात डॉ ईरज राजा, एसपी क्राइम दीक्षा शर्मा, एसपी ट्रैफिक, सीओ प्रथम स्वतंत्र सिंह, सीओ कविनगर अवनीश कुमार, सीओ सिहानीगेट आलोक दुबे, सीओ इंदिरापुरम अभय कुमार मिश्रा, सीओ साहिबाबाद अंशु जैन, सीओ सदर आकाश पटेल, सीओ लोनी रजनीश कुमार उपाध्याय, सीओ मोदीनगर, सुनील कुमार सिंह समेत आदि पुलिसधिकारी मौजूद रहे।