मन की बात: पीएम मोदी ने 88 एपिसोड में कभी भी नही की राजनीति: जेपी नड्डा

प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के लिए वसुंधरा पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष

गाजियाबाद। देश का सौभाग्य है कि हमारे देश को प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी मिले। वह राजनीतिक होते हुए भी मन की बात में कभी भी राजनीति की बात नही करते। हमेशा सामाजिक विषयों पर अपनी बात और सुझाव जनता के समक्ष रखते हैं और जनता से भी बात करते हैं। यह बातें रविवार को प्रधानमंत्री के मन की बात सुनने के लिए वसुंधरा सेक्टर-11 स्थित एमआई गार्डन में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहीं। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पीएम का संबोधन सुना। उसके बाद कार्यकर्ताओं से ऑफलाइन संवाद किया। जेपी नड्डा ने कहा कि आज मन की बात का 88वां एपिसोड है। सबसे पहला एपिसोड 03 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ था।उन्होंने सामाजिक मुद्दों को उठाया। उन पर अपने सुझाव दिए। चाहे पर्यावरण का मुद्दा हो, जल संरक्षण ,स्वास्थ्य, फिटनेस, फिट इंडिया या योगा या फिर छात्रों को वैदिक गणित का मुद्दा हो। उन्होंने सामान्य विषयों को जनता के समक्ष रखा। वह भी वन वे ट्रैफिक नहीं, बल्कि जनता के लोगों से बातचीत कर अपने मन की बात रखी। उन्होंने कहा कि भारत को गरीबी के पोस्टरबॉय की तरह देखा जाता था।लेकिन आज भारत ने विकास की उड़ान भर ली है। दरअसल, भारत के बारे में दुनिया में आम धारणा रही है कि प्राकृतिक संसाधनों से धनी, लेकिन गरीबों का देश है। अब यह धारणा बदल रही है। विश्व बैंक पॉलिसी की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में आठ साल में 12.3 फीसदी की गिरावट आई है।
सामूहिक कार्यक्रम में सुने मन की बात
जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मन की बात कार्यक्रम को अकेले में न सुनें, बल्कि आम जनता के साथ सामूहिक रूप से कोई कार्यक्रम बनाकर सुने। जिसके बाद उस पर चर्चा करें। तभी जनता को इसका लाभ मिलेगा। 2024 में लोकसभा का चुनाव है। भारतीय थल सेना के पूर्व अध्यक्ष जनरल वीके सिंह ने लगातार दो बार सांसद के सीट पर एतिहासिक जीत हासिल की है। इससे पूर्व वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गाजियाबाद के सांसद रहे हैं। उन्होंने कहा भाजपा भी दिल्ली के नजदीक होने की वजह से गाजियाबाद लोकसभा सीट को हॉट सीट मानती है। इसीलिए तीन बार से वीवीआईपी चेहरा उतार रही है। इस दौरान राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी, राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप, राज्यसभा सांसद डॉ अनिल अग्रवाल, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेलिवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दयाल, मेयर आशा शर्मा, महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, विधायक सुनील शर्मा, अतुल गर्ग, अश्वनी शर्मा, वसुंधरा बूथ प्रभारी जसवंत सिंह, प्रदीप चौधरी समेत सैकड़ो भाजपाई उपस्थित रहें।