शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने सड़क पर उतरे नगर आयुक्त

सफाई-स्ट्रीट लाइट, जल आपूर्ति समस्या का कराया समाधान: नितिन गौड़

गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा की तैयारियों के साथ-साथ में सफाई व्यवस्था से लेकर स्ट्रीट लाइट व जल आपूर्ति की समस्याओं का समाधान मौके पर कराया गया। शुक्रवार को नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़ ने शहर के कई इलाकों में औचक निरीक्षण करते हुए समस्याओं का समाधान कराया। नगर आयुक्त के औचक निरीक्षण के चलते निगम के अधिकारियों में खलबली मची रहीं। नगर आयुक्त ने सभी पांचों जोन क्षेत्र में जायजा लिया।

मुख्य मार्गों के साथ-साथ वार्ड के अंदर आंतरिक गलियों में साफ-सफाई व्यवस्था,प्रकाश,जल आपूर्ति को लेकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जोन क्षेत्र के जोनल प्रभारी भी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने निरीक्षण के दौरान मिली शिकायतों का भी मौके पर निस्तारण कराया। इससे क्षेत्र के लोगों ने उनकी सराहना की। इसके बाद मोहननगर जोन क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने नालों की सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। वार्ड-78 के 80 फुटा रोड पर अवैध रूप से किए गए अतिक्रमण को हटवा कर नाले की सफाई कराई गई।

इसके अलावा सिटी जोन क्षेत्र अंतर्गत आंबेडकर रोड स्थित राका पार्क में पानी की पाइप लाइन लीकेज मिलने पर उसे मौके पर तत्काल पानी की पाइप लाइन को ठीक कराया गया। कविनगर जोन क्षेत्र के शाहपुर-बम्हैटा गांव में जल निकासी का समाधान कराया गया। नगर आयुक्त द्वारा मौके पर समस्याओं का निस्तारण कराए जाने पर क्षेत्र के लोगों ने उनकी प्रशंसा की। नगर आयुक्त द्वारा शहर में लगातार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरीक्षण किया जा रहा है। इसके बाद उन्होंने दिल्ली-मेरठ मार्ग दुहाई तक रोड का निरीक्षण किया।

कांवड़ यात्रा मार्ग होने के चलते इस पर निगम द्वारा कैमरे व स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराई जा रही हैं। नगर आयुक्त ने बताया शहर की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ क्षेत्र की आंतरिक गलियों में भी प्रतिदिन सफाई अभियान चलाए जाए। साथ ही जोनल प्रभारियों को निर्देश दिए कि सड़क किनारे हो रहे अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए नगर आयुक्त द्वारा प्रतिदिन शहर का भ्रमण किया जा रहा है। समस्याओं के निस्तारण के लिए मौके पर ही टीम को बुलाकर समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है।