नगर आयुक्त ने बदला विज्ञापन का प्रभार, विवेक त्रिपाठी बने विज्ञापन प्रभारी

-नगर निगम में बीओटी-विज्ञापन का संजीव सिन्हा से हटाया प्रभार

गाजियाबाद। नगर निगम में बीओटी एवं विज्ञापन अनुभाग द्वारा शहर में अवैध होर्डिंग काटने की सही प्रकार से कार्रवाई नहीं किए जाने एवं शिकायतों के चलते आखिरकार नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभार हटा दिया। नगर आयुक्त ने नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ.संजीव सिन्हा से बीओटी एवं विज्ञापन का प्रभार हटाते हुए सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी को सौंप दिया। दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बहनोई का निधन होने के बाद मुख्यमंत्री के आगमन से पहले राजनगर एक्सटेंशन में पिछले दिनों निजी प्लॉट पर लगे भारतीय किसान यूनियन के होर्डिंग को रात में काट दिया गया था। होर्डिंग काटे जाने पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने रात में ही धरना देकर बैठ गए थे। यह मामला नगर आयुक्त तक पहुंचा था। इस मामले में ही बीओटी प्रभारी डॉ. संजीव सिन्हा पर गाज गिरी हैं। नगर आयुक्त ने कड़ी कार्रवाई करते हुए बीओटी और विज्ञापन का प्रभार तत्काल हटाते हुए आदेश जारी करते हुए अब सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी को सौंप दिया।

नगर आयुक्त ने वसुंधरा जोनल प्रभारी एवं सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी एवं राजस्व निरीक्षक अनुराग मिश्रा को निर्देशित किया कि आगामी आदेशों तक विज्ञापन के कार्यों एवं बीओटी के कार्यों को बेहतर योजनाओं के साथ किया जाए। फर्जी तरीके से लगाए गए होर्डिंग एवं विज्ञापन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में डॉ.संजीव सिन्हा को पत्र जारी करते हुए कहा कि आपके द्वारा शहर में अवैध होर्डिंंग पर निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई नहीं करने का संकेत दिया गया है। पिछले दिनों शहर में अवैध होर्डिंग काटने को लेकर अभियान चलाया गया।

इसके तहत ग्रेटर नोएडा की सीमा तिगरी गोल चक्कर के पास एक होर्डिंग वहां जाकर काट दिया गया। जबकि इस अवैध होर्डिंग से नगर निगम का कोई सरोकार नहीं था। इसके अलावा राजनगर एक्सटेंशन में निजी प्लॉट में लगे भारतीय किसान यूनियन के होर्डिंग को काट दिया गया। यहीं नहीं शहर में बगैर अनुमति के बड़ी संख्या में अवैध रूप से होर्डिंग लगे हुए हैं।बिजली के पोल पर भी विज्ञापन लगाकर अवैध प्रचार किया जा रहा है।लेकिन अपेक्षा के अनुरूप अवैध होर्डिंंग नहीं काटे गए हैं। ऐसे में बीओटी और विज्ञापन प्रभारी का कार्य सहायक नगर आयुक्त विवेक त्रिपाठी को सौंपा गया हैं।इन पर वसुंधरा जोनल प्रभारी का पदभार भी हैं।