70 बीघा फसल को नुकसान, किसानों का हंगामा

सफीपुर गांव में हाईटेंशन लाइन के कारण हादसा

ग्रेटर नोएडा। नजदीकी सफीपुर गांव में खेतों के ऊपर से गुजरती बिजली की हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग होने से गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर लगभग 70 बीघा फसल जल कर राख हो गई। सूचना पाकर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची। दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस बीच किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। नाराज किसान घटनास्थल पर धरना देकर बैठ गए। बाद में कुछ अधिकारियों ने मौके पर जाकर किसानों से बातचीत की। उचित मुआवजे का आश्वासन मिलने पर किसानों का गुस्सा ठंडा पड़ा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के सफीपुर गांव में कृषक तुलाराम और सरवन के खेत में गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई। बिजली की हाईटेंशन लाइन में अचानक स्पार्किंग होने से यह घटना घटी। आग के कारण 70 बीघा फसल जलकर राख हो गई। दमकल की गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना से नाराज किसानों ने जमकर हंगामा किया। वह घटनास्थल पर धरना देकर बैठ गए। हंगामा की सूचना मिलने पर पुलिस-प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इन अधिकारियों ने किसानों को समझाया। किसानों को नष्ट फसल का उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद किसान शांत हो सके। किसानों का कहना था कि प्रतिवर्ष ग्रीष्म ऋतु में इस प्रकार की घटना होना आम बात है। विद्युत विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा।