नगर निगम ने शहर में शुरू किया पॉलीथिन मुक्त अभियान

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा शहर में पॉलीथिन मुक्त अभियान चलाया गया। इसके तहत विभाग की टीम ने बाजारों में दुकानों पर जाकर जनता को पॉलीथिन का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक किया। मेयर आशा शर्मा और नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में यह अभियान चला। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जटवाड़ा सब्जी मंडी में यह अभियान चलाया। इस दौरान ना तो किसी का चालान काटा गया और न कोई जब्तीकरण की कार्यवाही की गई बल्कि दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि यदि वह इसी प्रकार पॉलीथिन का उपयोग करेंगे तो जुर्माना और दंड दोनों भुगतने पड़ेंगे। साथ ही नागरिकों को भी पॉलीथिन मुक्त अभियान के बारे में जागरूक किया गया। अभियान के दौरान व्यापारियों का भी विशेष सहयोग मिला। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश के साथ-साथ एसएफआई अशोक कुमार तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर उपस्थित रही।

दुकानदारों ने भी शहर को पॉलीथिन मुक्त करने का निर्णय लिया और कपड़े के थैले का इस्तेमाल करने का प्रण लिया। कई दुकानों पर पहले से ही कपड़ों के थैले का इस्तेमाल किया जा रहा है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा सभी जोन में इसी प्रकार पॉलीथिन मुक्त शहर के प्रति जागरूकता लाने के लिए अभियान चलाने के लिए सभी एसएसआई तथा जोनल सेनेटरी आॅफिसर को सहयोग करने के लिए निर्देशित किया गया।