नगर निगम मनाएगा गाजियाबाद का जन्मदिन, तैयारियों के लिए नगर आयुक्त ने बनाई टीम

-प्रमाणिक तिथि, ऐतिहासिक घटनाओं, पौराणिक विरासत, स्थल पार्क, नगर के महापुरुषों से संबंधित प्रेरक प्रसंगों की जानकारी एकत्र करने में जुटा निगम

गाजियाबाद। नगर निगम अब गाजियाबाद शहर का जन्मदिन मनाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए गाजियाबाद की स्थापना और कब इसका नामकरण हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। गाजियाबाद एक पुराना शहर है। यहां कई और विख्यात स्मारक हैं। शहर के गौरवशाली इतिहास के साथ जुड़ते हुए शहर के लोगों के साथ हर साल एक आयोजन किया जाए। इसके लिए गाजियाबाद शहर का जन्मदिन मनाने की योजना नगर निगम ने बनाई इै। नगर के इतिहास, संस्कृति एवं सभ्यता के प्रति नागरिकों के अंदर गौरव की अनुभूति जागृत करने तथा नगर के विशिष्ट पहचान सुनिश्चित करने के लिए नगर के प्रमाणिक सृजन तिथि को नगर के जन्म दिवस के रूप में मनाए जाने का निर्णय शासन द्वारा लिया गया है। जिसके क्रम में नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने जन्मदिवस को धूमधाम से बेहतर तरीके से मनाए जाने के लिए टीम बनाई है। जिसमें शिवपूजन यादव अपर नगर आयुक्त को नोडल नामित करते हुए निर्देशित किया गया है।

नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने बताया कि प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश शासन के आदेश के क्रम में प्रदेश के नगरों की विशिष्ट विशेषताओं को उद्घाटित करते हुए देश में उनकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए नगरों के सृजन दिवस को नगरों के जन्म दिवस के रूप में मनाए जाने के लिए नगरों के अस्तित्व में आने के संबंध में प्रमाणिक तिथि, ऐतिहासिक घटनाओं को तिथिवार लिपिबद्ध करने, ऐतिहासिक, पौराणिक विरासत, स्थल पार्क को सूचीबद्ध करने, नगर के महापुरुषों से संबंधित प्रेरक प्रसंगों को संकलित करने, नगर के आर्थिक विकास के परियाचक उद्योगों को नगर की पहचान की मुख्य अवयवों में समाहित करने, पर्यावरण परिस्थितिकी के प्रति लोगों को जागरूक करने एवं उत्सव के दौरान नगर की स्वच्छता एवं सौंदर्यकरण के लिए कार्य योजना बनाई जा रही है। जिससे शहर में बहुत ही उत्साहित माहौल बनेगा। साथ ही स्वच्छता में शहर निवासी अपनी भागीदारीता भी सुनिश्चित करेंगे। नगर निगम द्वारा इस प्रकार के आयोजन से ना केवल संस्कृति, ऐतिहासिक तथा सभ्यता को याद करने का ही कार्य नहीं किया जा रहा है। बल्कि नगरों के जन्मदिवस पर पर्यावरण परिस्थितिकी, नदियां, तालाबों ग्रीन फॉरेस्ट, बायोडायवर्सिटी पार्क जैसे स्थानों पर वृहद स्तर पर विशेष सफाई अभियान भी आयोजित किए जाएंगे।

इस प्रकार के आयोजन शहर में जन-जन के लिए उत्साहित कार्यक्रम है। जिसमें नगर निगम सभी व्यवस्थाओं को भी बेहतर व्यवस्थित करेगा। जिसके सुदृढ़ व्यवस्था के लिए कार्य योजना तैयार की जा रही है। पेयजल व्यवस्था प्रकाश की व्यवस्था के साथ-साथ पेंटिंग, साइंस रोड साइड प्लांटेशन, वर्टिकल गार्डन, वॉल पेंटिंग इत्यादि को भी उत्साह पूर्वक किया जाएगा। नगरों का जन्मदिवस कार्यक्रम समस्त शहर निवासी के लिए उत्साह का विषय है। जिसमें सभी शहर निवासियों से नगर निगम द्वारा अपील भी की गई है कि वह अपने आसपास क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा अवश्य ले। साथ ही स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता अभियान भी चलाएं कार्यक्रमों मे जनप्रतिनिधि अतिथि के रुप में उपस्थित रहेंगे।