निकाय चुनाव: स्कूलों में पोलिंग बूथ बनाने की तैयारी शुरु

-नगर आयुक्त ने लिया पोलिंग बूथों की तैयारियों का जायजा

गाजियाबाद। नगर निगम एवं नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत चुनाव की भले ही घोषणा न हुई हो, मगर नगर निगम ने शहर में निकाय चुनाव के दौरान स्कूलों में बनने वाले पोलिंग बूथों को लेकर तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने निगम की चीफ इंजीनियर एनके चौधरी के साथ स्कूलों में बनाए जाने वाले पोलिंग सेंटरों का जायजा लिया। नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी, अधिशासी अभियंता फरीद अख्तर जैदी, अवर अभियंता राजेंद्र सिंह के साथ स्कूलों में जाकर निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्यों की व्यवस्था को देखा।

पोलिंग सेंटरों पर बनाए जाने वाले बूथों पर बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कविनगर जोन अंतर्गत वार्ड-18 रजापुर,वार्ड-24 महरौली गांव, वार्ड-30 गोविंदपुरम समेत अन्य स्कूलों में जायजा लिया। उन्होंने स्कूल परिसर में कक्षाओं की स्थिति, रैंप सीढिय़ां आदि स्थिति का जायजा लिया। स्कूलों के प्रबंधक एवं अध्यापक,अध्यापिका से वार्ता करते हुए स्कूलों की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली।

स्कूलों में छात्र-छात्राओं से स्वच्छता पर की चर्चा:
नगर आयुक्त डॉ.नितिन गौड़ ने सोमवार को स्कूलों में निकाय चुनाव में बनाए जाने वाले पोलिंग सेंटरों एवं बूथों का जायजा लेने के बाद स्कूलों में पढऩे वाले छात्र-छात्राओं से क्लास में पहुंचकर उनसे वार्ता की। उन्होंने स्कूल में साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था के अलावा अपने घर के आसपास स्वच्छता को लेकर छात्र-छात्राओं से बात करते हुए जानकारी ली।

नगर आयुक्त ने रोजाना उनके क्षेत्र में जाने वाली निगम की कूड़ा गाड़ी के बारे में भी जाना। कचरा पृथक्करण को लेकर भी चर्चा की। नगर आयुक्त के अचानक स्कूलों में जाकर कक्षा में पहुंचने पर सभी छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा गया। निरीक्षण के दौरान स्कूल प्रबंधक द्वारा स्कूल की व्यवस्थाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। स्कूलों के किए गए निरीक्षण के दौरान मरम्मत के कार्य बेहतर मिले।