28 को नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक, चुने जाएंगे उपाध्यक्ष

गाजियाबाद। नगर निगम कार्यकारिणी बैठक आगामी 28 जुलाई शुक्रवार को प्रस्तावित की गई है। महापौर सुनीता दयाल ने नगर आयुक्त एवं सदन सचिव को पत्र जारी कर 28 जुलाई को सुबह 11 बजे निगम कार्यकारिणी बैठक कराए जाने के निर्देश दिए है। बैठक से संबंधित सभी तैयारी पूरी करते हुए कार्यकारिणी सदस्यों को जल्द एजेंडा भेजने के लिए कहा गया है। नगर निगम कार्यकारिणी बैठक में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चुना जाना है। उपाध्यक्ष के चुने जाने को लेकर एक बार फिर निगम में राजनीति गरमाना शुरू हो गई हैं।नगर निगम में यह पहली कार्यकारिणी बैठक होगी। निगम कार्यकारिणी बैठक में कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का चुनाव होगा।

भाजपा में उपाध्यक्ष बनने को लेकर अभी से घमासान मचना शुरू हो गया है। भाजपा के दो पार्षद उपाध्यक्ष बनने के लिए खूब दौड़ कर रहे हैं। इनमें पार्षद प्रवीण चौधरी व पार्षद राजीव शर्मा है। कार्यकारिणी में कुल सदस्यों की संख्या 12 है। इनमें से 9 सदस्य भाजपा के है, जबकि एक कांग्रेस, एक निर्दलीय समेत तीन सदस्य है। निगम कार्यकारिणी में संख्या बल के अनुसार भाजपा के ज्यादा सदस्य है। इन्हीं में से एक सदस्य को कार्यकारिणी उपाध्यक्ष बनाया जाना है। महापौर का कहना है कि कार्यकारिणी बैठक की तारीख प्रस्तावित कर दी गई है। इस बैठक में सिर्फ कार्यकारिणी उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। प्रयास रहेगा कि सहमति से ही कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चुना जाए।

देखना होगा कि कार्यकारिणी उपाध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा के कौन पार्षद सदस्य विराजमान होंगे। महापौर से लेकर भाजपा संगठन की ओर से फिलहाल किसी सदस्य का नाम कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के लिए घोषित नहीं किया है। महापौर का कहना है कि कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के लिए भाजपा संगठन के साथ वार्ता कर जल्द नाम फाइनल कर दिया जाएगा। फिलहाल कार्यकारिणी उपाध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज होने के बाद भाजपा के सदस्यों एवं संगठन में घमासान मचना शुरू हो गया है। निगम कार्यकारिणी बैठक में ही कार्यकारिणी उपाध्यक्ष के नाम की घोषणा वहीं पर होगी।