लोनी क्षेत्र में हर घर तिरंगा पहुंचा रहा नगर पालिका

-लोनी नगर पालिका में बहीं देश भक्ति की धारा, कई कार्यक्रम आयोजित

गाजियाबाद। लोनी नगर पालिका परिषद में अमृत सप्ताह के तृतीय दिन शनिवार को तिरंगा काव्य साहित्य समारोह एवं निकाय स्तर पर देशभक्ति से संबधित विचार गोष्ठी एवं इंटर वार्ड निबन्ध, कविता प्रतियोगिता का परिषद लोनी के सभागार में किया गया। लोनी क्षेत्र में भारत देश की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पर अमृत महोत्सव के अंर्तगत लगातार देश भक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। लोनी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना स्वयं सभी कार्यक्रमों की निगरानी कर रहे हैं। अधिशासी अधिकारी सभी कार्यक्रमों में उपस्थित रहे हैं।

स्कूल, कॉलेज के अलावा लोनी क्षेत्र की अलग-अलग कॉलोनियों में भी लोगों को झंडे वितरित किए गये और उन्हें अमृत महोत्सव कार्यक्रम से जोड़ा गया। कृष्ण कुमार भड़ाना ने बताया कि आजादी के 75वर्ष पूरा होने पर देश में अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। अमृत महोत्सव पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के आह्वान पर तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा का अभियान शुरू किया गया है।

हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जन-जन में आपार उत्साह देखा जा रहा है। इस अभियान को सफल बनाने में युवाओं को जागरुक होना होगा। भारत की शान तिरंगा जन-जन के मन में बसता है। यह हमारी आन-बान-शान और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से आग्रह किया कि अपने घर और प्रतिष्ठान में तिरंगा अवश्य फहराएं। यह अभियान 13 अगस्त यानी आज से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि सभी अपने घरों पर आजादी के इस अमृत महोत्सव पर तिरंगा फहराएं।

आज से लोग अपने-अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा झंडा फहराएंगे जिससे कि लोगों में देश के प्रति प्रेम की भावना को जागरूक हो सकें। कार्यक्रम में विद्यालयों के प्रधानाचार्य, अध्यापक छात्र-छात्राओं, कवियों एवं गणमान्य व्यक्तियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। भारत माता के जयकारें एंव आजादी की कविता एवं देशभक्ति के गाने गाये गये, जिसने सभी का मन मोह लिया।